11 जून: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 11 जून वर्ष का 162वां (लीप वर्ष में यह 163वां) दिन है। साल में अभी 203 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 11 जून का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 11 जून का इतिहास एवं घटनाक्रम।
11 जून की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 11 June in History)
2009: विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्वाइन फ्लू को घोषित किया था महामारी
2009 में आज ही के दिन विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्वाइन फ्लू (H1N1) को महामारी घोषित किया था। 1968 के हांगकांग फ्लू के करीब 41 साल बाद WHO ने किसी बीमारी को महामारी घोषित किया था।
स्वाइन फ्लू का पहला मामला 15 अप्रैल 2009 को अमेरिका में सामने आया था। कैलिफोर्निया के 10 साल के एक बच्चे में वायरस से संक्रमण होने की पुष्टि हुई थी। दो दिन बाद कैलिफोर्निया में ही 8 साल के बच्चे में भी वायरस पाया गया। जिस तरह अभी कोरोना वायरस के अलग-अलग स्ट्रेन सामने आ रहे हैं, इसी तरह इस बीमारी के पीछे वैज्ञानिकों ने इंफ्लूएंजा A (H1N1) pdm09 स्ट्रेन को जिम्मेदार बताया था। इस स्ट्रेन को इंसानों और जानवरों में पहले कभी नहीं देखा गया था। 18 अप्रैल 2009 को अमेरिका के हेल्थ डिपार्टमेंट ने इस नई बीमारी की जानकारी WHO को दी। अगले ही हफ्ते पूरे अमेरिका में नेशनल हेल्थ इमरजेंसी लगा दी गई।
धीरे-धीरे वायरस अमेरिका से बाहर निकलने लगा। अप्रैल खत्म होते-होते 70 देशों से वायरस के संक्रमित मरीज सामने आने लगे। विशेषज्ञों के मुताबिक अगले एक साल में ही स्वाइन फ्लू से दुनियाभर में डेढ़ लाख से ज्यादा मौतें हुईं। सिर्फ अमेरिका में इस वायरस से 12 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई।
मरने वालों में 80% लोगों की उम्र 65 साल से कम थी। यानी बुजुर्ग इस वायरस के कहर से बच गए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि H1N1 वायरस पहले भी लोगों में फैला था, इसलिए वायरस के संपर्क में बुजुर्ग लोग पहले आ चुके थे और उनके शरीर में एंटीबॉडी बन गई थी।
कोरोना वायरस के मुकाबले देखा जाए तो ये वायरस इतना घातक नहीं था। इस वायरस की वजह से मौतें कम हुईं और वैक्सीन भी जल्दी बन गई। अक्टूबर 2009 तक दुनिया को इसकी वैक्सीन मिल गई थी। विकसित देशों ने वैक्सीन के ज्यादा डोज पर कब्जा कर लिया था। आखिरकार वैक्सीनेशन की बदौलत वायरस का फैलना कम हुआ और नए केस भी कम हुए। 10 अगस्त 2010 को WHO ने इस बीमारी को महामारी की श्रेणी से हटा दिया। ये वायरस एक सीजनल फ्लू की तरह आम लोगों में अभी भी फैलता है।
1987: मार्गरेट थैचर ने लगातार तीसरी बार जीता था चुनाव
ब्रिटेन की पहली महिला प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर ने आज ही के दिन लगातार तीसरी बार चुनाव जीता था। लगातार तीन बार ब्रिटेन की प्रधानमंत्री बनने वाली वे एकमात्र महिला हैं। 3 मई 1979 को थैचर पहली बार यूके की प्रधानमंत्री बनी थीं। उसके बाद उन्होंने 1983 और 1987 का चुनाव भी जीता और लगातार 11 साल तक इस पद पर काबिज रहीं।
1959 : होवरक्राफ्ट का आविष्कार
पानी, कीचड़, बर्फ और उबड़-खाबड़ जगहों पर चल सकने वाले होवरक्राफ्ट का आज ही के दिन आविष्कार हुआ था। इसे एयर कुशन व्हीकल भी कहा जाता है। होवरक्राफ्ट को बनाने की कोशिशें अलग-अलग वैज्ञानिकों द्वारा पहले से की जा रही थीं, लेकिन इसे आधिकारिक तौर पर बनाने का श्रेय इंजीनियर क्रिस्टोफर कॉकरेल को जाता है। क्रिस्टोफर के पास ही होवरक्राफ्ट का पेटेंट भी है। आज सेना में बड़े पैमाने पर इनका इस्तेमाल होता है। रेस्क्यू ऑपरेशन से लेकर सैनिकों को जल्दी एक-जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में भी होवरक्राफ्ट की मदद ली जाती है।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 11 जून को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1770: ब्रिटिश सेना के कमांडर कैप्टन जेम्स कुक ने ऑस्ट्रेलिया की ग्रेट बैरियर रीफ की खोज की। जेम्स अपने जहाज से जा रहे थे और गलती से उनका जहाज ग्रेट बैरियर रीफ पर ही चढ़ गया था।
1866: इलाहाबाद उच्च न्यायालय की स्थापना हुई। इसे पहले आगरा उच्च न्यायालय के नाम से जाना जाता था।
1896: संरिकु में भूकंप और जापान में सुनामी से 27,000 लोग मारे गए।
1921: ब्राजील में महिलाओं को चुनाव में मत देने का अधिकार प्रदान किया गया।
1935: पहली बार एडविन आर्मस्ट्रांग ने एफएम का प्रसारण किया।
1955: पहले मैग्निशियम जेट हवाई जहाज ने उड़ान भरी।
1964: जवाहरलाल नेहरु की इच्छा के मुताबिक उनकी अस्थियों की राख को देश भर में बिखेरा गया।
1981: ईरान में आए 6.9 तीव्रता के भूकंप से करीब 2000 लोगों की मौत हुई।
1991: माइक्रोसॉफ्ट ने MS-DOS 5.0 रिलीज किया।
2003: कोर्निकोवा महिला टेनिस की सबसे सुन्दर खिलाड़ी घोषित।
2008: ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल को भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया।
2012: अफगानिस्तान में भूकंप के झटके के बाद हुए भूस्खलन में 80 लोगों की मौत।
2023: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में भारी बारिश ने मचाई तबाही, 25 लोगों की मौत, 145 घायल।
2025: दक्षिण अफ्रीका में विनाशकारी बाढ़- पूर्वी केप प्रांत में भारी बर्फबारी और मूसलाधार बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ में स्कूली बच्चों सहित कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई।
11 जून को जन्मे व्यक्ति (Born on 11 June)
1897: राम प्रसाद बिस्मिल – महान् स्वतन्त्रता सेनानी। ब्रिटिश साम्राज्य को दहला देने वाले काकोरी काण्ड को रामप्रसाद बिस्मिल ने ही अंजाम दिया था। ‘बिस्मिल के लिखे ‘सरफ़रोशी की तमन्ना’ जैसे अमर गीत ने हर भारतीय के दिल में जगह बनाई और अंग्रेज़ों से भारत की आज़ादी के लिए वो चिंगारी छेड़ी जिसने ज्वाला का रूप लेकर ब्रिटिश शासन के भवन को लाक्षागृह में परिवर्तित कर दिया।
1927: लालडेंगा – मिज़ोरम के मुख्यमंत्री, ‘मिज़ो नेशनल फ्रंट’ के संस्थापक। 21 अगस्त 1986 से 7 सितंबर 1988 तक मिज़ोरम राज्य के मुख्यमंत्री रहे।
1948: लालू प्रसाद यादव – बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री।
1989: मानसी जोशी – भारतीय पैरा-बैडमिन्टन खिलाड़ी हैं। वह पैरा-बैडमिंटन की वर्ल्ड चैंपियन हैं। वह 2020 में वर्ल्ड रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंचीं हैं। टाइम मैगजीन ने नेक्स्ट जनरेशन लीडर की लिस्ट में उन्हें रखा है। 2011 में मानसी जोशी के साथ एक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमे उन्होंने अपना बायां पैर खो दिया। इस घटना में उनका पैर चला गया, लेकिन उनके इरादे उनकी हिम्मत, उनकी ताकत नहीं।
11 जून को हुए निधन (Died on 11 June)
1970: लीला नाग – पत्रकार और क्रांतिकारी। भारत की महिला क्रांतिकारियों में उनका नाम विशेषतौर पर लिया जाता है। भारत के संविधान को मूल रूप देने के साथ भारतीय समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
1983: घनश्यामदास बिड़ला – भारत के उद्योगपति, स्वतंत्रता-संग्राम सेनानी। वे भारत के अग्रणी औद्योगिक समूह बी. के. के. एम. बिड़ला समूह के संस्थापक थे। ये गांधीजी के मित्र, सलाहकार, प्रशंसक एवं सहयोगी थे। भारत सरकार ने सन् 1957 में उन्हें पद्म विभूषण की उपाधि से सम्मानित किया।
1997: मिहिर सेन – भारत के प्रसिद्ध लम्बी दूरी के तैराक थे। उन्होंने 1966 में पनामा नहर की एक छोर से दूसरे छोर तक 77 किलोमीटर की दूरी तैरकर पार की थी। मिहिर सेन 1958 में इंग्लिश चैनल तैरकर पार करने वाले प्रथम भारतीय ही नहीं, प्रथम एशियाई भी थे। उन्होंने ‘साल्ट वाटर’ तैराकी में अनोखी दक्षता हासिल करके 5 महत्वपूर्ण रिकार्ड बनाए थे। उन्हें 1959 में ‘पद्मश्री’ प्रदान किया गया तथा 1967 में ‘पद्मभूषण’ देकर सम्मानित किया गया था।
11 जून के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 10 June)
अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस
संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा घोषित अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस (International Day of Play) हर साल 11 जून को दुनिया भर में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए खेल के बुनियादी अधिकार को बढ़ावा देना है। यह दिवस पारंपरिक ‘स्पोर्ट्स’ (Sports) के बजाय बच्चों के स्वाभाविक ‘खेल-कूद और मनोरंजन’ की आजादी और उसके महत्व को समर्पित है। संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में 11 जून 2024 को पहली बार आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



