Eco Tourism Park: घने जंगलों से सजी पहाड़ियों की सुंदर, शांत एवं स्वच्छ वादियों के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताने का अवसर मिल जाए तो इससे अच्छा अनुभव और क्या हो सकता है! इसी की तलाश में हर वर्ष देश-विदेश से लाखों पर्यटक हिमाचल प्रदेश का रुख करते हैं और यहां के विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की भीड़ साल दर साल बढ़ती ही जा रही है। इससे न केवल पर्यटकों को सुंदर, स्वच्छ एवं शांत वादियों में सुकून भरे पल बिताने का अवसर मिलता है, बल्कि कई स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी भी इसी से चलती है।
नादौन-सलौणी-दियोटसिद्ध मुख्य सड़क मार्ग पर चीड़ के घने जंगलों से सजी छोटी-छोटी पहाड़ियों वाले इस सुंदर गांव में एक भव्य ईको-टूरिज्म पार्क बनकर तैयार होने वाला है। मुख्यमंत्री ने जनवरी 2025 में गांव हड़ेटा की सुंदर वादियों में आर्थिक विकास और आजीविका सृजन परियोजना (नवजीवन) के तहत इस पार्क का शिलान्यास किया था। इसका निर्माण ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वन विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है।

लगभग 125 कनाल भूमि पर चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पार्क में पर्यटकों के लिए कॉटेज, कैफेटेरिया, योगा प्वाइंट, चिल्ड्रन पार्क, वॉकिंग ट्रेल्स, वॉच टॉवर, एनिमल स्ट्रक्चर्स और कई अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इस पार्क के निर्माण में स्थानीय लोगों की आजीविका का विशेष ध्यान रखा गया है, जिसके लिए कॉटेज और कैफेटेरिया के साथ ही दुकानों का निर्माण भी किया गया है। ये कॉटेज एवं कैफेटेरिया स्थानीय लोगों द्वारा ही संचालित किए जाएंगे और दुकानों में स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री का प्रावधान किया जाएगा।

वन विभाग के डीएफओ अंकित सिंह ने बताया कि इस पार्क का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

