15 August in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार वर्ष का 227वां दिन (लीप वर्ष में 228वां दिन) है। साल में अभी और 138 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 15 अगस्त का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज ही के दिन 1947 को भारत लगभग 200 वर्षों के ब्रिटिश शासन से मुक्त होकर एक स्वतंत्र राष्ट्र बना। प्रतिवर्ष 15 अगस्त को भारत अपना स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) मनाता है। इस दिन भारत के प्रधानमंत्री दिल्ली के लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और देश को संबोधित करते हैं।
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के बाद ब्रिटिश संसद ने 15 अगस्त 1858 को ईस्ट इंडिया कंपनी का शासन समाप्त कर भारत का नियंत्रण सीधे ब्रिटिश क्राउन (महारानी विक्टोरिया) के हाथों में सौंपने की प्रक्रिया शुरू की।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 15 अगस्त का इतिहास एवं घटनाक्रम।
1947: जब गुलामी की जंजीरें तोड़कर आजाद भारत ने ली थी पहली सांस, जानिए आजादी के ऐतिहासिक जश्न के उन 24 घंटों का पूरा हाल

भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। सालों के लंबे संघर्ष, अनगिनत यातनाओं और लाखों देशभक्तों के बलिदान के बाद आखिरकार 15 अगस्त 1947 को भारत माता गुलामी की बेड़ियों से मुक्त हुई थी। स्वतंत्रता की वह सुबह सदियों की काली रात के बाद उम्मीदों का एक नया सूर्य लेकर आई थी। भारतीयों ने पहली बार आजाद भारत में सांस ली थी। आजादी का जश्न 14 अगस्त से ही शुरू हो गया था जो 15 अगस्त की रात तक चलता रहा। लाखों लोग हाथों में तिरंगा लिए खुशी से सड़कों पर नाच रहे थे।
पढ़िए 14 और 15 अगस्त 1947 के वे ऐतिहासिक 24 घंटे, जब देश के हर कोने में खुशी के आंसू और तिरंगे का गौरव हिलोरे ले रहा था.
14 अगस्त: आजादी की वो यादगार रात
रात 11:00 बजे: नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह की आधिकारिक शुरुआत हुई। ब्रिटिश हुकूमत के दौर में विधान परिषद के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे भवन (अब पुराना संसद भवन) में संसद का विशेष सत्र आयोजित किया गया। पूरे संसद भवन को फूलों और झिलमिलाती लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया था।
रात 11:30 बजे: स्वतंत्रता संग्राम के प्रतीक ‘वंदे मातरम’ के गान के साथ माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया।
रात 11:55 बजे: संसद के मंच से देश के प्रमुख नेताओं ने ऐतिहासिक संबोधन दिए। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, चौधरी खालिकज्जमा और पंडित जवाहरलाल नेहरू भाषण देने वाले तीन प्रमुख वक्ता थे। इसी सत्र में नेहरू जी ने अपना विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक भाषण ‘ट्रिस्ट विद डेस्टनी’ दिया था। उन्होंने गरजती आवाज में कहा, “आधी रात के समय जब पूरी दुनिया सो रही होगी, भारत जीवन और आजादी की नई सांस लेकर जागेगा।”

रात 12:00 बजे (मिडनाइट): जैसे ही घड़ी की दोनों सुइयां 12 पर मिलीं, पूरे संसद हॉल में मंगल शंख बजने लगे। लोग खुशी से झूमते हुए एक-दूसरे को गले लगाकर आजाद भारत की बधाई देने लगे। संसद के बाहर मूसलाधार बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में खड़े लोग जश्न में डूबे थे और आसमान ‘महात्मा गांधी की जय’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
रात करीब 12:30 बजे: सत्र के समापन पर आजाद भारत का राष्ट्रीय ध्वज प्रस्तुत किया गया। इसी दौरान पंडित नेहरू ने गवर्नर जनरल लॉर्ड माउंटबेटन को एक बंद लिफाफा सौंपा, जिसमें नई कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्रियों की सूची थी। लेकिन जब माउंटबेटन ने लिफाफा खोला तो वह खाली निकला…दरअसल, आजादी के भारी उत्साह और जल्दबाजी में नेहरू जी मंत्रियों के नाम की लिस्ट लिफाफे में रखना ही भूल गए थे।
15 अगस्त: नए भारत का पहला सवेरा
सुबह 8:00 बजे: आजाद भारत की पहली सुबह का पहला काम शपथ ग्रहण समारोह था, जो गवर्नमेंट हाउस (अब राष्ट्रपति भवन) में आयोजित हुआ। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उनकी कैबिनेट के 13 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। इस गरिमामय समारोह में देशी रियासतों के राजाओं और दुनिया भर के राजदूतों सहित करीब 500 खास मेहमान मौजूद थे।

सुबह 9:40 बजे: शपथ ग्रहण खत्म होने के बाद पहली कैबिनेट के मंत्री संविधान सभा के लिए निकले। सड़कों पर लाखों लोगों का जनसैलाब उमड़ा हुआ था; पुलिस के सैकड़ों जवान भी उत्साहित देशवासियों के इस उफान को रोक पाने में बेबस थे।
सुबह 9:55 बजे: स्वतंत्र भारत में पहली बार गवर्नर जनरल माउंटबेटन को शाही सलामी दी गई।
सुबह 10:30 बजे: संविधान सभा के ऊपर पहली बार आजाद भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आधिकारिक तौर पर फहराया गया।
शाम 5:00 बजे (इंडिया गेट पर ऐतिहासिक क्षण): इंडिया गेट के पास प्रिंसेस पार्क में माउंटबेटन को तिरंगा फहराना था। वहां करीब 5 लाख लोगों का महासमुद्र उमड़ पड़ा था। भीड़ का उत्साह इतना ज्यादा था कि सुरक्षा के लिए लगाई गई रस्सियां और बल्लियां धराशायी हो गईं। थलसेना, जलसेना और वायुसेना की संयुक्त परेड निकाली गई।
जब माउंटबेटन अपनी बग्घी में सवार होकर मंच की ओर बढ़े, तो भीड़ इतनी ज्यादा थी कि वे बग्घी से नीचे ही नहीं उतर सके। उन्होंने बग्घी में खड़े होकर ही दूर से चिल्लाकर कहा “ध्वज फहराया जाए!” इसके बाद जैसे ही तिरंगा लहराया, माउंटबेटन ने अपनी बग्घी पर खड़े होकर ही राष्ट्रीय ध्वज को सैल्यूट किया।
शाम 7:45 बजे: दिल्ली के आसमान में भव्य आतिशबाजी शुरू हुई जो आधे घंटे तक चलती रही। राजधानी की हर प्रमुख ऐतिहासिक इमारत केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगा रही थी।
रात 10:00 बजे: गवर्नमेंट हाउस में माउंटबेटन की ओर से आधिकारिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें 2,500 से अधिक विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।
जश्न के बीच महात्मा गांधी का मौन और 24 घंटे का व्रत
इतिहास का यह अनोखा पहलू हमेशा याद रखा जाएगा कि आजादी के इस महाजश्न में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी शामिल नहीं थे। उस समय वे दिल्ली से दूर बंगाल के नोआखली और कलकत्ता में फैले हिंसक सांप्रदायिक दंगों को शांत कराने और पीड़ितों के आंसू पोंछने में जुटे थे।
आजादी के इस ऐतिहासिक दिन पर बापू ने किसी उत्सव में भाग लेने के बजाय 24 घंटे का उपवास रखा और प्रार्थनाएं कीं। उस रात वे बिना नेहरू जी का भाषण सुने जल्दी सोने चले गए थे, क्योंकि उनका मानना था कि जब तक देश में भाईचारा पूरी तरह बहाल नहीं हो जाता, तब तक यह आजादी अधूरी है।

15 अगस्त के दिन को इतिहास में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की इन घटनाओं की वजह से याद किया जाता है…
1519: पनामा शहर की स्थापना पेड्रो एरियास दाविला द्वारा की गई थी। यह अमेरिका महाद्वीप के प्रशांत तट पर बसाया गया पहला यूरोपीय शहर था, जो बाद में स्पेनिश विजय अभियानों और खजाने के व्यापार का प्रमुख केंद्र बना।
1772: बंगाल के गवर्नर वारेन हेस्टिंग्स के नेतृत्व में ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत में आधुनिक प्रशासनिक और न्यायिक नींव रखते हुए प्रत्येक जिले में अलग दीवानी (सिविल) और फौजदारी (आपराधिक) अदालतों के गठन का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
1854: ईस्ट इंडियन रेलवे द्वारा हावड़ा से हुगली के बीच लगभग 37 किलोमीटर की दूरी पर पूर्वी भारत की पहली यात्री ट्रेन चलाई गई थी। देश की सबसे पहली यात्री ट्रेन इससे पहले 16 अप्रैल 1853 को मुंबई और ठाणे के बीच चली थी।
1907: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्वदेशी आंदोलन के रूप में इंडियन बैंक की स्थापना की गई थी। दिलचस्प बात यह है कि इस बैंक का स्थापना दिवस भारत के स्वतंत्रता दिवस से ठीक 40 साल पहले उसी तारीख को पड़ा था।
1945: जापान के सम्राट हिरोहितो ने देश की जनता को रेडियो पर युद्ध रोकने का आदेश दिया। यह पहला मौका था जब जापान के सम्राट ने रेडियो पर सीधे जनता को संबोधित किया था। सम्राट ने अपने भाषण में सीधे “आत्मसमर्पण” शब्द का प्रयोग नहीं किया था। इस घोषणा के बाद 2 सितंबर 1945 को अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस मिसूरी पर औपचारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए।
1945: कोरियाई प्रायद्वीप को 35 वर्षों के जापानी औपनिवेशिक शासन से मुक्ति मिली। इसलिए उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया दोनों देश 15 अगस्त को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं।
1947: उत्तराखंड के देहरादून से ‘युगवाणी’ पत्रिका का पहला अंक प्रकाशित हुआ था। भगवती प्रसाद पांथरी के संपादन में शुरू हुआ यह पत्र आरंभ में पाक्षिक समाचार पत्र के रूप में प्रकाशित हुआ था जो कालान्तर में पहाड़ का प्रमुख साप्ताहिक समाचार पत्र बना। यह पत्र उत्तराखंड व टिहरी प्रजामंडल आंदोलन की एक सशक्त आवाज बना।
1948: केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश (न्यायालय) आदेश, 1948 जारी किया गया था, जिसके तहत शिमला में न्यायिक आयुक्त के न्यायालय की स्थापना हुई। इसे एक उच्च न्यायालय के समान शक्तियां प्राप्त थीं।
1950: असम और तिब्बत की सीमा के पास रिक्टर स्केल पर 8.6 से 8.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप से लगभग 4,800 लोग मारे गए। इनमें असम में करीब 1,500 और तिब्बत में 3,300 लोगों की मौत हुई।
1960: कांगो गणराज्य ने फ्रांस से पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त की।
1971: बहरीन ने यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।
1972: श्रीराम भीकाजी वेलरकर द्वारा डाक छांटने की प्रक्रिया को सरल और सटीक बनाने के लिए 6 अंकों की पोस्टल इंडेक्स नंबर (पिन कोड) प्रणाली लागू की गई थी। पहला अंक देश के क्षेत्र को दर्शाता है। दूसरा अंक उप-क्षेत्र को बताता है। तीसरा अंक क्षेत्र के भीतर छंटाई जिला दिखाता है। अंतिम तीन अंक विशिष्ट डाकघर का कोड होते हैं।
1975: पाकिस्तानी सेना ने राष्ट्रपति मुजीब उर-रहमान का तख्तापलट किया।
1975: रमेश सिप्पी निर्देशित शोले फिल्म रिलीज हुई थी, जिसने भारतीय सिनेमा में इतिहास रच दिया। मुंबई के मिनर्वा थिएटर में यह फिल्म लगातार 240 हफ्ते तक चली थी।
1979: फ़रीदाबाद हरियाणा का 12 वां ज़िला बना।
1982: भारत में राष्ट्रीय नेटवर्क पर दूरदर्शन के रंगीन टीवी प्रसारण और स्वतंत्रता दिवस भाषण के लाइव टेलीकास्ट की शुरुआत हुई। देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण का सीधा प्रसारण किया गया था।
1990: जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल आकाश का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया।
2004: ब्रायन लारा ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 10,000 रन पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट के दौरान यह उपलब्धि हासिल की, जिससे वह उस समय तक इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे कम पारियों (195 पारी) वाले बल्लेबाज बने।
2007: दक्षिण अमेरिकी देश पेरु के मध्य तटीय इलाके में 8.0 तीव्रता के भूकंप से 519 लोगों की मौत और कई लोग बेघर हुए।
2020: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एम.एस. धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।
2021: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल को तालिबान ने अपने नियंत्रण में लिया। इसी के साथ दो दशकों का अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप समाप्त हो गया तथा देश में तालिबान शासन (इस्लामी अमीरात) की पुनः स्थापना हुई।
2022: ब्रिटेन की मेडिसिंस एंड हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स रेगुलेटरी एजेंसी (MHRA) ने कोविड-19 ‘बाइवैलेंट’ वैक्सीन को मंजूरी दी। इसी के साथ ब्रिटेन कोविड-19 वैक्सीन बनाने वाला दुनिया का पहला देश बना।
15 अगस्त को जन्मे प्रमुख व्यक्ति
1872: महर्षि श्री अरविंदो – भारत के महान दार्शनिक, कवि, योग गुरु और स्वतंत्रता सेनानी। उन्होंने पुडुचेरी में आध्यात्मिक साधना केंद्र (ऑरोविले) की स्थापना की।
1891: बिजन कुमार मुखरीजा – भारत के भूतपूर्व चौथे मुख्य न्यायाधीश।
1922: कुशाभाऊ ठाकरे – 1998 से 2000 तक भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे।
1924: इन्दीवर (श्यामलाल बाबू राय) – हिंदी फ़िल्मों के प्रसिद्ध भारतीय गीतकार।
1938: प्राण कुमार शर्मा – प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट, जिन्होंने ‘चाचा चौधरी’ कार्टून चरित्र बनाया।
1947: राखी गुलज़ार – प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री।
1992: गुरुराजा पुजारी -भारतीय भारोत्तोलक (वेटलिफ़्टर) जिन्होंने 2018 राष्ट्रमण्डल खेलों में स्वर्ण पदक जीता।
15 अगस्त को हुए प्रमुख निधन
1942: महादेव देसाई – भारत के प्रसिद्ध क्रांतिकारी, महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रतिष्ठित लेखक और लगभग 25 वर्षों तक महात्मा गांधी के अत्यंत विश्वसनीय निजी सचिव रहे। उन्हें गांधीजी का दाहिना हाथ और उनकी ‘छाया’ कहा जाता था। उन्होंने चंपारण, बारदोली और नमक सत्याग्रह जैसे प्रमुख आंदोलनों में सक्रिय रूप से भाग लिया।
1947: सरदार अजीत सिंह – महान भारतीय क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी, जिन्होंने किसानों के ‘पगड़ी संभाल जट्टा’ आंदोलन का नेतृत्व किया और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। वे भगत सिंह के चाचा थे। लंबे निर्वासन के बाद 1947 में भारत लौटे और 15 अगस्त 1947 को डलहौजी, हिमाचल प्रदेश में उनका निधन हुआ।
1975: शेख मुजीबुर रहमान– बांग्लादेश के संस्थापक और प्रथम राष्ट्रपति (उन्हें ‘बंगबंधु’ के नाम से जाना जाता है)।
2004: अमरसिंह चौधरी – गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री (1985-1989) वे गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले आदिवासी नेता थे।
2018: अजित वाडेकर – भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान। उन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की धरती पर भारत को पहली बार ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जिताई थी। वे भारतीय क्रिकेट टीम के पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ODI) कप्तान रहे।
2023: डॉ. बिंदेश्वर पाठक – प्रसिद्ध समाज सुधारक, पद्म भूषण से सम्मानित और ‘सुलभ इंटरनेशनल’ के संस्थापक।
15 अगस्त के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव

भारत का स्वतंत्रता दिवस
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



