मंडी | मंडी जिले में सोमवार की काली रात ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए। नेरचौक-सुंदरनगर मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और लोहे के ढेर में तब्दील हुई गाड़ी से शवों को निकालना भी मुश्किल हो गया।
मध्यरात्रि का वो खौफनाक मंजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार देर रात उस समय पेश आया जब एचपी 82-8322 नंबर की एक कार नेरचौक से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे खड़े एक भारी-भरकम हाइड्रा से जा टकराई। टक्कर का धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, लेकिन गाड़ी की हालत देख सबके होश उड़ गए।
तीन परिवारों में पसरा मातम
इस हृदयविदारक हादसे में बल्ह उपमंडल के पलाही निवासी 28 वर्षीय अनिल कुमार, 35 वर्षीय सुभाष कुमार और अंद्रेटा निवासी 26 वर्षीय रोहित कुमार की असामयिक मृत्यु हो गई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हरीश उर्फ सन्नी (23) और पंकज कुमार को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को मलबे से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजा। पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण वाहन की अत्यधिक गति माना जा रहा है। थाना बल्ह में मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हादसे गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को बेहतरीन उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
Posted By: Himachal News
Himachal News की खबरों के वीडियो देखने के लिए और News Updates के लिए हमारे Facebook पेज Himachal News को Like करें व हमारे YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

