Una Road Accident: मां के सामने 4 साल के मासूम की मौत, बाइक चालक फरार
Una Road Accident: ऊना जिला के बंगाणा क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल से मां के साथ घर लौट रहे चार साल के मासूम बच्चे को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले बंगाणा अस्पताल और फिर PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक बच्चे की पहचान वेदांश पुत्र संजीव कुमार निवासी तलेहड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के बाद वेदांश अपनी मां के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान अगलौर के पास सड़क पर पीछे से आए एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मासूम सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बच्चे को तुरंत बंगाणा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन जिंदगी की जंग लड़ते हुए मासूम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पास की एक दुकान में मौजूद व्यक्ति ने बाइक का नंबर नोट कर लिया, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
Una Road Accident: क्या कहती है पुलिस
ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

