13 मई: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 13 मई वर्ष का 133वां (लीप वर्ष में यह 134वां) दिन है। साल में अभी 232 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 13 मई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 13 मई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
13 मई की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 13 May in History)
2008:जब धमाकों से दहली थी पिंक सिटी जयपुर, 15 मिनट के अंदर हुए 8 धमाकों में गई 71 लोगों की जान
13 मई 2008…राजस्थान की राजधानी जयपुर के लिए ये एक आम दिन था। सड़कों पर हमेशा की तरह चहल-पहल थी। पूरा दिन शांति से गुजर चुका था और अब शाम होने को थी। नौकरीपेशा लोग घरों को लौटने लगे थे। मंगलवार का दिन था, इसलिए हनुमान मंदिरों में आम दिनों के मुकाबले ज्यादा श्रद्धालु थे।
तभी शाम 7 बजकर 5 मिनट पर जौहरी बाजार में एक ब्लास्ट हुआ। उसके बाद शहर के अलग-अलग इलाकों से धमाकों की खबरें आने लगीं। अगले 12 से 15 मिनट के भीतर 8 धमाके हुए। गुलाबी शहर खून से लाल हो चुका था। हर तरफ खून, चीख और लाशें थीं। इस दिन के दर्द को शहर आज तक भूल नहीं पाया है। धमाकों में 71 लोगों की जानें गईं और 150 से ज्यादा लोग घायल हुए।
आतंकियों ने शहर की भीड़ भरी जगहों को चुना ताकि नुकसान ज्यादा हो सके। धमाकों में घातक विस्फोटक RDX का इस्तेमाल किया गया था। आतंकियों ने बमों को साइकिल और टिफिन के जरिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्लांट किया। धमाके के बाद ही न्यूज चैनलों को एक मेल मिला। इस मेल में एक वीडियो था जिसमें साइकिल नजर आ रही थी।
जांच में पता चला कि इस साइकिल का इस्तेमाल धमाकों में किया गया था। साथ ही मेल में धमकी थी कि ऐसे धमाके भारत के हर बड़े शहर में होते रहेंगे। धमाकों की जिम्मेदारी इंडियन मुजाहिदीन ने ली थी।
धमाकों की जांच के लिए एटीएस बनाई गई। एटीएस ने इस मामले में 11 संदिग्धों को आरोपी बनाया। इनमें से मोहम्मद सैफ, सैफुर्रहमान, सरवर आजमी और मोहम्मद सलमान को दिसंबर 2019 में जयपुर की स्पेशल कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई।
मामले के 3 आरोपी अब तक फरार हैं जबकि 3 हैदराबाद और दिल्ली की जेल में बंद हैं। बाकी बचे दो गुनहगार दिल्ली में बाटला हाउस मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। कोर्ट ने एक अन्य आरोपी शहबाज हुसैन को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था। शहबाज पर धमाकों के अगले दिन मेल के जरिए धमाकों की जिम्मेदारी लेने का आरोप था।
1880: पहली बार चली एडिसन की इलेक्ट्रिक ट्रेन
थॉमस अल्वा एडिसन का नाम आपने सुना ही होगा। उन्हें पूरी दुनिया इलेक्ट्रिक बल्ब के आविष्कार के लिए जानती है, लेकिन आज आप जिस ट्रेन में बैठकर सफर करते हैं उसकी सफलता के पीछे भी एडिसन का हाथ है।
दरअसल आज ही के दिन यानि 13 मई 1880 में वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडिसन ने इलेक्ट्रिक ट्रेन का पहला ट्रायल किया था। 2 डिब्बों की इस ट्रेन को लगभग आधा किलोमीटर के ट्रैक पर चलाया गया था। ट्रेन का इंजन भी एक डिब्बे जैसा ही था जिसे “पुलमैन” कहा गया।
एडिसन ने जिस ट्रैक पर ये ट्रायल किया था, 1882 में उसकी लंबाई को बढ़ाकर लगभग 3 मील कर दिया गया और 2 नए इंजन बनाए गए। एक इंजन पैसेंजर डिब्बे के लिए और दूसरा सामान वाले डिब्बे को खींचने के लिए। ट्रैक को मजबूती देने के लिए 3 छोटे पुल जैसे स्ट्रक्चर बनाए गए। इसी साल इस ट्रैक पर 90 यात्रियों को बैठाकर इलेक्ट्रिक इंजन से पैसेंजर ट्रेन चलाई गई।
1940: प्रधानमंत्री बनने के बाद चर्चिल का चर्चित भाषण
बात 1940 की है…दूसरा विश्वयुद्ध चल रहा था। जर्मनी सभी देशों पर हमले किए जा रहा था। जर्मनी के पोलैंड पर हमले के बाद ब्रिटेन में अफरातफरी का माहौल बन गया। नेविल चैम्बरलेन को इस्तीफा देना पड़ा और उनकी जगह विंस्टन चर्चिल प्रधानमंत्री बने।
आज ही के दिन यानि 13 मई 1940 को उन्होंने अपनी कैबिनेट को पहली बार संबोधित किया। कहा जाता है कि ये भाषण चर्चिल के करियर का सबसे महत्वपूर्ण भाषण था।
भाषण शुरू करते हुए चर्चिल ने कहा,– “अगर आप पूछेंगे कि हमारी आगे की नीति क्या है? तो मेरा जवाब होगा कि हमें अपनी पूरी ताकत के साथ जमीन, समुद्र और हवा में दुश्मन से लड़ना है। मेरे पास आप लोगों को देने के लिए खून, आंसू, पसीने और मेहनत के सिवा कुछ नहीं है। आप पूछेंगे हमारा लक्ष्य क्या है? मैं कहूंगा, जीत, हर कीमत पर जीत।”
2003 में टाइम मैगजीन ने इस दिन को दुनिया बदलने वाले 80 दिनों की सूची में शामिल किया।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 13 मई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1643: चिली में आए विनाशकारी भूकंप में सेंटियागो की एक तिहाई आबादी खत्म हुई।
1648: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले का निर्माण कार्य आज ही के दिन पूरा हुआ था।
1830: दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर कोलंबिया से अलग होकर एक स्वतंत्र गणराज्य बना।
1952: भारतीय संसद का पहला सत्र: स्वतंत्र भारत में निर्वाचित संसद के ऊपरी सदन, राज्यसभा का पहला सत्र आज ही के दिन आयोजित हुआ था।
1950: इंग्लैंड के सिल्वरस्टोन में दुनिया की पहली आधिकारिक फॉर्मूला वन रेस एफ-1 (Formula 1) ग्रां प्री आयोजित की गई थी।
1962: सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के दूसरे राष्ट्रपति बने।
1967: जाकिर हुसैन भारत के तीसरे राष्ट्रपति चुने गए।
1978: देश का पहला ध्वजवाहक जहाज आईएनएस दिल्ली सेवामुक्त हुआ।
1995: चेल्सी स्मिथ मिस यूनिवर्स बनीं।
1998: 11 मई को भारत ने भारत ने पोखरण में 3 परमाणु परीक्षण किए थे। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने परमाणु परीक्षण के विरोध में भारत के ख़िलाफ़ कड़े प्रतिबंध की घोषणा की, जापान ने भारत को दी जाने वाली सहायता पर रोक लगायी।
1998: ट्रिनडाड एवं टोबैगो की सुन्दरी बेंडी फ़िट्ज विलियम मिस यूनिवर्स बनीं।
1999: जापानी छात्र के नागुयी विश्व की सात सर्वोच्च चोटियों पर चढ़ने वाला दुनिया का सबसे कम उम्र (25 वर्षीय) का पर्वतारोही बना।
2000: मिस इंडिया लारा दत्ता ने साइप्रस में मिस यूनीवर्स-2000 का ख़िताब जीता।
2003: रियाद में आत्मघाती हमलों में 29 व्यक्ति मारे गये।
2004: भारत के आम चुनाव में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार की हार हुई।
2008: पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के सभी नौ मंत्रियों ने जजों की बहाली के मुद्दे पर इस्तीफ़ा दिया।
2010: भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता इला भट्ट को 2010 के निवानो शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
2017: दुनियाभर में वॉनाक्राय रैनसमवेयर से 100 से अधिक देश प्रभावित।
2024: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने 3D-प्रिंटेड रॉकेट इंजन (PS4 इंजन) का सफल परीक्षण किया। यह तकनीक भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए लागत कम करने और निर्माण की गति बढ़ाने में क्रांतिकारी कदम है।
2024: नेपाली पर्वतारोही कामी रीता शेर्पा ने रिकॉर्ड 29वीं बार दुनिया की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल कर अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ा।
2024: मई के इस सप्ताह में आए भीषण सौर तूफान के कारण दुनिया के कई उन हिस्सों में भी ‘ऑरोरा‘ (उत्तरी रोशनी) देखी गई, जहाँ सामान्यतः यह नहीं दिखती।
2025: पंजाब के अमृतसर में जहरीली शराब पीने से 21 लोगों की मौत हो गई।
2025: एक अध्ययन में खुलासा हुआ कि लद्दाख में हिम तेंदुओं का घनत्व दुनिया में सबसे अधिक (477 व्यक्ति) है, जो भारत की कुल आबादी का लगभग 68% है।
13 मई को जन्मे व्यक्ति (Born on 13 May)
1901: मथुरा प्रसाद मिश्र वैद्य – स्वतंत्रता सेनानी। वे उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के निवासी थे। वे पेशे से राजवैद्य थे। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आन्दोलन में अपूरणीय योगदान दिया। वे महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू के साथ रहकर स्वतंत्रता के लिये जेल गये। उनकी स्मृति में स्थापित मंच द्वारा प्रतिवर्ष पं. मथुरा प्रसाद मिश्र वैद्य स्मृति सम्मान भी दिया जाता है।
1905: फ़ख़रुद्दीन अली अहमद – फ़ख़रुद्दीन अली अहमद भारत के पांचवे राष्ट्रपति थे। 1925 में नेहरू से इंग्लैन्ड में मुलाकात के बाद वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया। वे 24 अगस्त 1974 से लेकर 11 फरवरी 1977 तक राष्ट्रपति रहे। आपात स्थिति की घोषणा के कारण इनका कार्यकाल काफ़ी अलोकप्रिय रहा।
1917: असित सेन – हिंदी फ़िल्मों के हास्य अभिनेता थे। वे हिंदी सिनेमा के कॉमेंडी किंग कहे जाते थे। उन्होंने चार दशक तक बॉलीवुड पर चरित्र अभिनेता और हास्य कलाकार के रूप में अपनी खास पहचान बनाकर दर्शकों को अपनी अदाओं से लोट-पोट होने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने 200 से अधिक बॉलीवुड फ़िल्मों में हास्य और चरित्र अभिनेता का किरदार निभाकर अपने अभिनय की अलग पहचान बनाई।
1918: टी. बालासरस्वती – तंजौर बालासरस्वती एक भारतीय नर्तक है जो भरतनाट्यम, शास्त्रीय नृत्य के लिए जानी जाती है। भारत सरकार द्वारा 1957 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया और 1077 में पद्म विभूषण नागरिक सम्मान से सम्मानीत किया।
1956: श्री श्री रविशंकर – आध्यात्मिक गुरु। वे आर्ट ऑफ लिविंग फाउण्डेशन के संस्थापक हैं।
13 मई को हुए निधन (Died on 13 May)
1951: हसरत मुहानी – लखनऊ के प्रसिद्ध शायर। भारत की आज़ादी की लड़ाई के सच्चे सिपाही होने के साथ-साथ शायर, पत्रकार, राजनीतिज्ञ और ब्रिटिश भारत के सांसद थे। उन्होंने 1921 में ‘इंकलाब ज़िन्दाबाद’ का उल्लेखनीय नारा गढ़ा। उनका वास्तविक नाम ‘सैयद फ़ज़्लुल्हसन‘ और उपनाम ‘हसरत‘ था। वे उत्तर प्रदेश के ज़िला उन्नाव के मोहान गांव में पैदा हुये थे इसलिये ‘मौलाना हसरत मोहानी‘ के नाम से मशहूर हुए। इनका उपनाम इतना प्रसिद्ध हुआ कि लोग इनका वास्तविक नाम भूल गए।
2001: आरके नारायण – मालगुडी डेज के लेखक। 1964 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मभूषण से नवाजा। वे राज्यसभा के मनोनीत सदस्य भी रहे।
2011: बादल सरकार – प्रसिद्ध अभिनेता, नाटककार, निर्देशक और इन सबके अतिरिक्त रंगमंच के सिद्धांतकार। वह भारत के बहुचर्चित नाटककारों में एक थे। सातवें दशक में पूरे देश में उनकी धूम मची थी। वर्ष 1968 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, वर्ष 1972 में पद्मश्री, वर्ष 1997 में संगीत नाटक अकादमी-रत्न सदस्य का पुरस्कार मिल चुका है। वर्ष 2010 में भारत सरकार द्वारा उन्हें पद्मभूषण सम्मान दिया गया जो उन्होंने लेने से यह कहकर इंकार कर दिया कि एक लेखक का सबसे बड़ा सम्मान साहित्य अकादमी पुरस्कार वह पहले ही पा चुके हैं।
2016: बाबा हरदेव सिंह – भारत के प्रसिद्ध संत और संत निरंकारी मिशन के आध्यात्मिक गुरु थे। उनका निधन कनाडा में एक सड़क दुर्घटना में हुआ।
2024: सुरजीत पातर – प्रसिद्ध पंजाबी कवि और पद्म श्री।
आज का दिन
13 मई को वैश्विक स्तर पर ‘इंटरनेशनल ह्यूमस डे‘ (International Hummus Day) के रूप में भी मनाया जाता है।
फ्रॉग जम्पिंग डे: 13 मई को ‘फ्रॉग जम्पिंग डे‘ के रूप में भी मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत मार्क ट्वेन की एक प्रसिद्ध कहानी से हुई थी।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |

