शिमला के स्कूल में चोरों की खिचड़ी पार्टी
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरत में है। चोरों ने न सिर्फ एक सरकारी स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाया, बल्कि वारदात को अंजाम देने का जो तरीका अपनाया वह सुरक्षा व्यवस्था का मज़ाक उड़ाने जैसा है। शातिर चोरों ने स्कूल में सेंधमारी की, बड़े आराम से बच्चों के मिड-डे मील के राशन से खिचड़ी पकाई, छक कर खाई और जाते-जाते रसोई के कीमती बर्तन भी समेट ले गए। यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
शिमला के सरकारी स्कूल में चोरों ने उड़ाया मिड-डे मील का राशन
यह शर्मनाक और अजब वारदात शिमला के शिवपुरी स्थित सरकारी स्कूल में एक सरकारी अवकाश (छुट्टी) के दौरान पेश आई। स्कूल बंद होने के सन्नाटे का फायदा उठाकर चोर बेहद बेखौफ अंदाज में परिसर के भीतर दाखिल हुए। उनकी ढिठाई का आलम यह था कि उन्हें पकड़े जाने का रत्ती भर भी खौफ नहीं था। चोरों ने बाकायदा गैस जलाई, स्कूल के पतीले में बच्चों के हिस्से के मिड-डे मील (Mid-Day Meal) के राशन से स्वादिष्ट खिचड़ी बनाई और वहीं बैठकर जमकर ‘पार्टी’ की।
पेट पूजा के बाद सरकारी स्कूल की रसोई पर साफ किया हाथ
जब चोरों की पेट पूजा खत्म हो गई, तो उन्होंने अपनी मुख्य ‘चोरी’ की वारदात को अंजाम दिया। जाते-जाते वे स्कूल की रसोई से 3 थालियां, 2 पतीले, 1 महंगा डिनर सेट, गैस बर्नर और 1 बड़ी कढ़ाई चुराकर रफूचक्कर हो गए। छुट्टी के बाद अगली सुबह जब स्कूल का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा, तो रसोई घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। चारों तरफ बिखरे जूठे बर्तन और गायब सामान चोरों की इस करतूत की गवाही दे रहे थे।
छोटा शिमला पुलिस थाना में मामला दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
स्कूल प्रबंधन की सूचना पर छोटा शिमला पुलिस थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। वहीं, खलीनी स्कूल के प्रिंसिपल और क्लस्टर हेड अजय वशिष्ठ ने भी शिवपुरी स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को जरूरी इनपुट दिए।
पुलिस ने आधिकारिक शिकायत दर्ज कर ली है और इन शातिर व ‘भूखे’ चोरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। इस अनोखी चोरी ने राजधानी के सरकारी स्कूलों की सुरक्षा और नाइट पेट्रोलिंग पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिया है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



