Zila Parishad Mandi: मंडी जिला परिषद के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के लिए बहुप्रतीक्षित निर्वाचन प्रक्रिया आज जिला परिषद सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। पीठासीन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की देखरेख में आयोजित इस चुनावी प्रक्रिया में दोनों ही शीर्ष पदों पर निर्विरोध चयन हुआ है।
चुनाव परिणामों के तहत जिला परिषद वार्ड खिलड़ा के अमरू राम को सर्वसम्मति से जिला परिषद का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं थाची से जिला परिषद सदस्य बोदी देवी को निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया मुकम्मल होने के तुरंत बाद पीठासीन अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरू राम और उपाध्यक्ष बोदी देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मंडी जिला की राजनीति के लिहाज से इस बेहद अहम मौके पर क्षेत्र के कई स्थापित राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी गवाह बने। इस अवसर पर सदर के विधायक अनिल शर्मा, विनोद कुमार, राकेश जमवाल, दलीप ठाकुर, पूर्ण चंद ठाकुर और दीपराज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा, जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अन्य अधिकारी भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।



