Virbhadra Singh Birthday: किसी लोकतांत्रिक देश में अगर किसी नेता को ‘राजा साहब’ या ‘महाराज’ कहकर पुकारा जाए, तो आप क्या कहेंगे? लगातार छह दशकों तक हिमाचल प्रदेश के साथ भारत देश की राजनीति करने वाले वीरभद्र सिंह को उनके समर्थक प्यार से ‘राजा साहब’ या ‘महाराज’ कहते हैं।
वीरभद्र सिंह अपने नाम की तरह ही वीर भी थे और भद्र भी। वीरता ऐसी…कोई सियासी प्रतिद्वंदी कभी सामने टिक ही नहीं सका और भद्रता ऐसी… कभी कोई उनके पास से खाली हाथ वापस नहीं लौटा।
आजाद भारत में राजशाही प्रथा समाप्त होने के बाद भी राजगद्दी संभालने के साथ-साथ वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश की कमान छह बार बतौर मुख्यमंत्री संभाली। वीरभद्र सिंह ने प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में काफी बड़ी भूमिका अदा की। उन्हें आधुनिक हिमाचल के निर्माता कहा जाता जाता है।
वीरभद्र सिंह का राजनीति सफर उपलब्धियों से भरा है। 60 वर्ष के राजनीतिक सफर में उन्होंने 14 बार चुनाव लड़े। वह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री, 9 बार विधायक और पांच बार लोकसभा सांसद बने। साल 2017 में अर्की विधानसभा क्षेत्र से वीरभद्र सिंह ने आखिरी चुनाव लड़ा। हिमाचल कांग्रेस के चार बार अध्यक्ष भी रहे। उनके नाम कई राजनीतिक रिकॉर्ड दर्ज हैं।
शाही परिवार में हुआ था जन्म, यहां ली शिक्षा
वीरभद्र सिंह का जन्म 23 जून 1934 को शिमला जिले के शोणितपुर (वर्तमान में सराहन) में बुशहर रियासत के शाही परिवार में हुआ था। उनके पिता राजा पदमदेव बुशहर रियासत के 121वें राजा थे और उनकी माता का नाम शांति देवी था। वीरभद्र सिंह की स्कूली शिक्षा कर्नल ब्राउन कैम्ब्रिज स्कूल देहरादून, सेंट एडवर्ड स्कूल, शिमला और बिशप कॉटन स्कूल से हुई। सेंट स्टीफन कॉलेज दिल्ली से बीए ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की।
मात्र 13 साल की उम्र में संभाली राजगद्दी
वर्ष 1947 में राजा पदमदेव का देहांत होने के बाद वीरभद्र सिंह को बुशहर रियासत का राजा बनाया गया था। तब उनकी उम्र मात्र 13 साल की थी। बुशहर रियासत के राज परिवार का इतिहास रहा है कि राजा के अंतिम संस्कार से पूर्व राजगद्दी संभालने वाले राजकुमार का राजतिलक विधि-विधान के साथ किया जाता है। आजाद भारत में जहां राजशाही प्रथा समाप्त हो गई थी, बावजूद इसके राजा वीरभद्र सिंह का परंपराओं के तहत राजतिलक किया गया था। मात्र 13 वर्ष की आयु में बुशहर रियासत की राजगद्दी संभालने वाले पहले राजा वीरभद्र सिंह थे। वीरभद्र सिंह कृष्ण वंश के 122वें राजा थे। राजा साहब के नाम से मशहूर वीरभद्र सिंह पर हमेशा देवी-देवताओं की अनुकंपा रही।
पारिवारिक जीवन
वीरभद्र सिंह की उम्र के दो अहम पड़ावों पर दो शादियां हुई। मई 1954 में मात्र 20 साल की उम्र में उनकी पहली शादी जुब्बल रियासत की राजकुमारी रत्ना कुमारी से हुई। जो बीमार होने के कारण 24 साल तक बिस्तर पर रहीं और एक दिन दुनिया को अलविदा कह गईं। रत्ना कुमारी से उनकी चार बेटियां हैं। उनकी बेटी अभिलाषा कुमारी पूर्व न्यायाधीश है। 1985 में वीरभद्र सिंह ने 51 साल की उम्र में दूसरी शादी प्रतिभा सिंह से की। प्रतिभा सिंह भी तीन बार मंडी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वीरभद्र और प्रतिभा के एक बेटा व बेटी है। बेटी अपराजिता की शादी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पोते, अंगद सिंह से हुई है। पुत्र विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में हिमाचल सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।
वीरभद्र सिंह का राजनीतिक सफर
वीरभद्र सिंह कभी राजनीति में नहीं आना चाहते थे। उनकी इच्छा थी कि वह इतिहास के प्रोफेसर बने, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। वे जवाहर लाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री से प्रेरणा लेकर राजनीति में आए और हिमाचल प्रदेश व देश की राजनीति पर ऐसा प्रभाव डाला कि उनकी गिनती अब भारत के शीर्ष नेताओं में होती है।
1962 में वीरभद्र सिंह ने पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ा। महासू (शिमला) लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीत कर उन्होंने राजनीतिक जीवन की दमदार शुरुआत करते हुए तीसरी लोकसभा के सदस्य बने। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में सांसद बन कर इतिहास रचा था।
1967 में महासू (शिमला) संसदीय क्षेत्र से वे दूसरी बार सांसद चुने गए।
1971 में शिमला लोकसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने पर वीरभद्र सिंह ने मंडी लोकसभा क्षेत्र को अपनी कर्मभूमि चुना और तीसरी बार लोकसभा पहुंचे। उनका गृह जिला शिमला का रामपुर विधानसभा क्षेत्र इस संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। इस दौरान वह पहली बार मंत्री बने और इंदिरा गांधी सरकार में 1976 से 1977 तक केंद्रीय पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री रहे।
1977 में मंडी लोकसभा से जनता पार्टी के गंगा सिंह ठाकुर से हार का सामना करना करना पड़ा।
1980 में मंडी संसदीय क्षेत्र से फिर लोकसभा में पहुंचे। दूसरी बार भी वह इंदिरा गांधी सरकार में वर्ष 1982 से 1983 तक केंद्रीय उद्योग राज्यमंत्री रहे।
2009 में वीरभद्र सिंह ने दोबारा मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीतकर पांचवीं बार सांसद चुने गए। वे मनमोहन सिंह मंत्रिमंडल में इस्पात मंत्री बने। इसके बाद लघु एवं मझौले उद्यम मंत्रालय का जिम्मा मिला।
2012 में केंद्रीय मंत्री पद से त्यागपत्र दिया और हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष बने।
हिमाचल में सबसे अधिक बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड
हिमाचल में सबसे अधिक 6 बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड वीरभद्र सिंह के नाम दर्ज है। साल 1983 में उन्हें केंद्र की राजनीति से प्रदेश की राजनीति में भेजा। यहीं से वीरभद्र सिंह की किस्मत का सितारा चमका। कांग्रेस हाईकमान ने रामलाल ठाकुर को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाया और वीरभद्र सिंह को मुख्यमंत्री बनाकर दिल्ली से हिमाचल वापस भेजा। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 1983 से साल 2012 तक छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वह 1983 से 1985 पहली बार, फिर 1985 से 1990 तक दूसरी बार, 1993 से 1998 में तीसरी बार, 1998 में कुछ दिन चौथी बार (हालांकि, 1998 में सीएम के रूप में उनका कार्यकाल केवल 18 दिनों तक चला, क्योंकि वो विश्वास मत हासिल करने में विफल रहे थे), फिर 2003 से 2007 पांचवीं बार और 2012 से 2017 छठी बार मुख्यमंत्री बने। मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका आखिरी कार्यकाल रहा।
अपने गृह विधानसभा से कभी चुनाव नहीं लड़ पाए वीरभद्र
वीरभद्र सिंह परंपरागत सीट रोहड़ू से विधानसभा चुनाव लड़ते थे। अपने घर रामपुर की सीट के आरक्षित होने के कारण वह कभी भी यहां से चुनाव नहीं लड़ पाए। पुनर्सीमांकन के चलते रोहड़ू सीट भी आरक्षित हुई तो 2012 में उन्होंने शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ा। साल 2017 में उन्होंने यह सीट अपने बेटे विक्रमादित्य सिंह के लिए सीट छोड़ दी और खुद अर्की से चुनाव लड़े।
पांच अलग-अलग विधानसभा से चुनाव लड़ने का रिकार्ड
वीरभद्र सिंह पांच अलग-अलग विधानसभा से चुनाव लड़ने और चार विधानसभा से चुनाव जीतने वाले हिमाचल के एकमात्र नेता हैं। उन्होंने रोहडू, जुब्बल कोटखाई, शिमला ग्रामीण और अर्की से चुनाव लड़े। उनकी विधानसभा चुनावों एकमात्र हार जुब्बल कोटखाई से हुई थी।
2009 में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे
वीरभद्र सिंह हालांकि करिश्माई नेता थे, लेकिन उनका राजनीतिक सफर में विवादों से भी उनका नाता रहा। उनका नाम सीडी कांड और संपत्ति मामले में सामने आया। अगस्त 2009 में, हिमाचल प्रदेश के एंटी-करप्शन ब्यूरो ने वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि उन्होंने 1989 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का उल्लंघन किया था, जब सिंह राज्य के मुख्यमंत्री थे। ब्यूरो ने आरोप लगाया कि उसके पास संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के संबंध में दंपति और अन्य लोगों के बीच रिकॉर्ड की गई बातचीत के सबूत हैं। जून 2012 को, वीरभद्र सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोपों को देखते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। दिसंबर 2012 में मुख्यमंत्री बनने से ठीक पहले उन्हें इन आरोपों में बरी कर दिया गया।
बेहिसाब संपत्ति का आरोप
साल 2015 में वीरभद्र सिंह पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप लगा। सीबीआई ने शिमला में उनके घर समेत 11 जगहों पर छापा मारा था। आरोप था कि साल 2009 से 2011 के बीच जब वो केंद्रीय मंत्री थे, तब उन्होंने 6 करोड़ से ज्यादा की आय अर्जित की।
मृत्यु
लंबी बीमारी से जूझने के बाद 8 जुलाई 2021 को (दिन गुरुवार) सुबह 3:40 पर शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (IGMC) अस्पताल में वीरभद्र सिंह ने आखिरी सांस ली । उन्होंने 87 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। वे करीब 2 महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी मृत्यु पर हिमाचल प्रदेश में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया। 10 जुलाई को उनका अंतिम संस्कार राजसी परम्परा के अनुसार रामपुर बुशैहर में सतलुज नदी के तट पर किया गया। इससे पूर्व उनके वारिस विक्रमादित्य सिंह का बुशहर रियासत की परम्परा अनुसार राजतिलक किया गया और उन्हें राजगद्दी सौंपी गई। भले ही हिमाचल प्रदेश की राजनीति का अविसमरणीणय चेहरा हमारे बीच नहीं रहा। वीरभद्र सिंह का जाना हिमाचल के एक बड़े युग का जाना है।
हर दिन 300 से 400 लोगों से मिलते थे
हिमाचल के लोग वीरभद्र सिंह की जान थे। ऐसा कोई दिन याद नहीं आता जब वह लोगों से न मिले हों। सुबह आठ बजे होलीलाज में लोग उनसे मिलने पहुंच जाते थे। रात 10 बजे तक वह लोगों से मिलते थे। हर दिन 300 से 400 लोगों से मिलते थे। ऐसा करने वाला दूसरा नेता शायद ही हो। जब वीरभद्र सिंह प्रदेश के दौरे पर जाते थे तो गाड़ी रुकवा कर लोगों से उनका हालचाल पूछते थे। जिस भी जिले में वह हों वहां पर उनका जनता दरबार लग जाता था। हर व्यक्ति से वह मिलते, उसकी समस्या सुनते व उसे पूरा करने का आश्वासन देते। किस अधिकारी को क्या काम दिया है यह उनके दिमाग में होता था।
मदद वालों को कभी नहीं लौटाते थे खाली हाथ
राजनीति के हर मोर्चे पर वीरभद्र सिंह ने खुद को सही साबित किया। आम लोगों से उनका जुड़ाव ही था कि जननायक के रूप में उनकी पहचान बनी। वीरभद्र सिंह का लोगों से पारिवारिक नाता था। आज भी लोगों के दिल में उनके लिए अलग स्थान है। वीरभद्र जैसे राजनेता हिमाचल प्रदेश में काफी कम हैं। वीरभद्र सिंह दिन-रात काम करते थे। हर रोज सुबह छह बजे हर अधिकारी को फोन कर पूरा अपडेट लेते थे। जो काम वह बताते थे उसका फीडबैक रोजाना लेते थे। वह कभी खाली नहीं बैठते थे। उनके दिमाग में हमेशा प्रदेश के विकास कार्य व लोगों से जो वादे किए हैं, उनके बारे में ही चला रहता था। उन्हें प्रदेश के हर कोने की जानकारी थी।
रूह को स्पर्श करता था व्यवहार
सियासत में जिस तरह के गुण एक सफल राजनेता में होने चाहिए, वो सभी वीरभद्र सिंह में समाहित थे। आम जनता के साथ उनका व्यवहार रूह को स्पर्श करता था। हिमाचल की राजनीति में उनका कद भी किसी सुपरस्टार से कम नहीं था।
विजन से भरपूर थे वीरभद्र
विकास को लेकर उनका विजन क्लियर था। प्रदेश के कोने-कोने में उन्होंने यात्रा की थी। अफसरशाही से काम लेने की कला में वे माहिर थे। सियासी विरोधियों को पस्त करने में वे साम-दाम-दंड-भेद का प्रयोग करने की कला जानते थे। कब किसे पुचकारना है और कब किसे फटकारना है, इसे वीरभद्र सिंह बेहतर जानते थे। कई बार वे पार्टी लाइन से हटकर भी अपनी बात कहते थे। वीरभद्र सिंह राम मंदिर निर्माण के प्रबल पक्षधर थे। यही कारण है कि उनके देहावसान पर विश्व हिंदू परिषद ने भी बाकायदा अपने लेटर हैड पर शोक संदेश जारी किया था।
चुनावी रण में करते थे व्यूह रचना
चुनावी रण में कांग्रेस के लिए वीरभद्र सिंह ही व्यूह रचना करते थे। टिकट वितरण से लेकर प्रचार तक हर मोर्चे पर वीरभद्र सिंह खड़े दिखते थे। वीरभद्र सिंह के रहते कांग्रेस हाईकमान को सीएम पद के लिए कोई चिंता नहीं थी। वीरभद्र सिंह वो वट वृक्ष थे, जिसके नीचे भविष्य का कोई नेता नहीं पनप पाया। इसके कुछ लाभ भी थे और कुछ सियासी नुकसान भी, लेकिन वीरभद्र सिंह की मौजूदगी में उनको चुनौती देने का हिम्मत किसी में नहीं थी। यदा-कदा प्रयास भी हुए, लेकिन विफल रहे। वे पक्ष और विपक्ष यानी किसी भी गुट के नेता को हैंडल करने की कला जानते थे।
प्रस्तुति: आलम पोर्ले
Posted By: Himachal News