18 June in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 18 जून वर्ष का 169वां (लीप वर्ष में यह 170वां) दिन है। साल में अभी 196 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 18 जून का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 18 जून का इतिहास एवं घटनाक्रम।
18 जून की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 18 June in History)
झांसी के लिए आखिरी सांस तक लड़ी थीं रानी लक्ष्मीबाई, अंग्रेजों के हाथ उनका पार्थिव शरीर तक नहीं लगा
भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की बात हो तो रानी लक्ष्मीबाई का जिक्र जरूर होता है। दोनों हाथों में तलवार, मुंह में घोड़े की लगाम और पीठ पर अपने बेटे को बांधकर जब लक्ष्मीबाई मैदान में उतरीं तो अंग्रेजों ने साक्षात चंडी का रूप देखा। अंग्रेजों से लोहा लेते हुए आज ही के दिन साल 1858 में रानी लक्ष्मीबाई शहीद हुई थीं।
19 नवंबर 1828 को मोरोपंत तांबे और भागीरथी बाई के यहां एक बेटी का जन्म हुआ। मां-बाप ने बेटी का नाम मणिकर्णिका रखा और प्यार से मनु बुलाने लगे। मणिकर्णिका के बचपन में ही मां भागीरथी बाई का निधन हो गया। इसके बाद पिता मोरोपंत तांबे बेटी को लेकर झांसी आ गए।
यहां मणिकर्णिका ने घुड़सवारी और तलवारबाजी जैसी युद्ध कलाएं सीखीं। कम उम्र में ही उनकी शादी मराठा नरेश गंगाधर राव से हो गई और मणिकर्णिका का नाम लक्ष्मीबाई हो गया।
1851 में लक्ष्मीबाई को एक बेटा हुआ, लेकिन कुछ महीनों बाद ही उसका निधन हो गया। गंगाधर राव को अपने बेटे की मौत का गहरा सदमा लगा और उनकी तबीयत खराब रहने लगी। 20 नवंबर 1853 को गंगाधर राव ने एक बच्चे को गोद लिया जिसका नाम दामोदर राव रखा गया, लेकिन अगले ही दिन गंगाधर राव का निधन हो गया।
पति के निधन के बाद रानी लक्ष्मीबाई की मुसीबतें बढ़ने लगीं। अंग्रेजों ने झांसी पर कब्जा करने के लिए एक चाल चली। लॉर्ड डलहौजी ने दामोदर राव को उत्तराधिकारी मानने से इनकार कर दिया और रानी को किला खाली करने का आदेश दिया।
लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों का आदेश मानने से इनकार कर दिया और कहा – मैं झांसी नहीं दूंगी। लक्ष्मीबाई ने पहले कानूनी तरीके से कोई रास्ता निकालने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी तो अंग्रेजों से लड़ने की योजना तैयार करने लगीं।
अंग्रेजों ने झांसी पर हमला कर दिया तो लक्ष्मीबाई ने अपनी छोटी सी सेना के साथ अंग्रेजों का वीरता से मुकाबला किया। अपने बेटे को पीठ पर बांधकर रानी लड़ती रहीं। जब अंग्रेजों ने किले को पूरी तरह से घेर लिया तो रानी के हमदर्द कुछ लोगों ने उन्हें कालपी जाने की सलाह दी।
रानी कालपी के लिए निकलीं और यहां उनका साथ देने के लिए तात्या टोपे तैयार थे। 22 मई 1858 को अंग्रेजी सेना और लक्ष्मीबाई के बीच कालपी में भी युद्ध हुआ, जिसमें रानी लक्ष्मीबाई की सेना को खासा नुकसान उठाना पड़ा।
लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे के साथ ग्वालियर की ओर चली गईं। यहां उन्होंने ग्वालियर पर कब्जा कर लिया और नाना साहेब को पेशवा बनाने की घोषणा की। रानी के पीछे-पीछे अंग्रेजी सेना भी ग्वालियर आ गई और हमला कर दिया।
18 जून 1858 को ग्वालियर के पास कोटा की सराय में भीषण युद्ध हुआ। रानी अपने दोनों हाथों में तलवार लेकर दुश्मनों का मुकाबला कर रही थीं। उनके सीने में अंग्रेजों ने बरछी मार दी थी जिस वजह से काफी खून बह रहा था। उसके बावजूद रानी घोड़े पर सवार होकर युद्ध करती रहीं।
एक अंग्रेज ने लक्ष्मीबाई के सिर पर तलवार से जोरदार प्रहार किया जिससे रानी को गंभीर चोट आई और वह घोड़े से गिर गईं।
रानी के सैनिक उन्हें पास के एक मंदिर में ले गए जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। रानी ने वादा किया था कि उनका शव अंग्रेजों के हाथ न लगने पाए, इसलिए सैनिकों ने रानी के शव को इसी मंदिर में अग्नि के हवाले कर दिया।
इनपुट: दैनिक भास्कर
1980: शकुंतला देवी ने किया था कारनामा
18 जून 1980…लंदन का इंपीरियल कॉलेज…ह्यूमन कम्प्यूटर के नाम से मशहूर भारत की शकुंतला देवी इस कॉलेज में एक कारनामा करने जा रही थीं। डिपार्टमेंट ऑफ कम्प्यूटिंग की तरफ से उन्हें 13 अंकों की दो संख्याएं दी गईं। ये संख्याएं थीं – 7,686,369,774,870 और 2,465,099,745,779.. शकुंतला देवी को इन संख्याओं का आपस में गुणा करना था, वो भी बिना किसी कैलकुलेटर और पेन-कॉपी की मदद लिए। पूरे हॉल की नजरें शकुंतला देवी पर थीं। 28 सेकेंड में ही शकुंतला देवी ने दोनों संख्याओं का गुणा कर दिया। उनका जवाब एकदम सही था। उनके इस कारनामे से हॉल में बैठे लोग दंग रह गए। साल 1982 में उनके इस कारनामे को गिनीज बुक में जगह दी गई।
इनपुट: दैनिक भास्कर
गोवा का क्रांति दिवस
आज ही के दिन डॉ. राममनोहर लोहिया के नेतृत्व में गोवा मुक्ति संग्राम का हुआ था आगाज
दरअसल, भारत को 15 अगस्त 1947 को ब्रिटिश हुकूमत से आजादी तो मिल गई थी, लेकिन इसके बावजूद स्वतंत्र भारत का एक हिस्सा ऐसा भी था जहां आजादी के बाद भी कई बरस तक विदेशियों का शासन रहा और इसे आजाद होने में 14 बरस और लगे। जी हां, यह हिस्सा था देश का तटीय क्षेत्र गोवा। तब गोवा पुर्तगालियों के कब्जे में रहा। स्वतंत्रता सेनानी और प्रखर समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया को यह स्थिति बहुत खल रही थी।
इसलिए उन्होंने 18 जून, 1946 को गोवा पहुंचकर पुर्तगालियों के खिलाफ आंदोलन शुरू किया। इस आंदोलन में हजारों गोवावासी शामिल हुए। हालांकि कई साल के संघर्ष के बाद गोवा को 1961 में आजादी मिली। इस वजह से हर साल 18 जून को गोवा क्रांति दिवस के रूप में मनाया जाता है।
गोवा मुक्ति संग्राम की लंबी जद्दोजहद के बाद 1961 में भारतीय सेना के तीनों अंगों को पुर्तगाली सेना के खिलाफ युद्ध के लिए तैयार रहने के आदेश मिले थे। दो दिसंबर को गोवा मुक्ति का अभियान शुरू कर दिया गया। 17 इन्फैंट्री डिवीजन और 50 पैरा ब्रिगेड की कमान मेजर जनरल केपी कैंडेथ ने संभाली।
वायुसेना ने 8 और 9 दिसम्बर को पुर्तगालियों के ठिकाने पर बमबारी की। इस अभियान में कई भारतीय सैनिक और पुर्तगाली मारे भी गए। इसके परिणामस्वरूप 19 दिसंबर, 1961 को तत्कालीन पुर्तगाली गवर्नर मैन्यू वासलो डे सिल्वा ने भारत के सामने समर्पण कर दिया। दमन दीप भी उस समय गोवा का हिस्सा था तो इस तरह दमन दीव भी आजाद हुआ।
गोवा को आजादी 1961 में मिली लेकिन पूर्ण राज्य बनने में भी समय लगा। आजादी के एक साल बाद चुनाव हुए और दयानंद भंडारकर गोवा के पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री बने। महाराष्ट्र में विलय की बात पर गोवा में जनमत संग्रह हुआ और लोगों ने केंद्र शासित प्रदेश के रूप में रहना पसंद किया। वर्ष 1987 की 30 मई को गोवा भारत का 25वां पूर्ण राज्य बना।
इनपुट-हिंदुस्थान समाचार
देश-विदेश में 18 जून को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1576: महाराणा प्रताप और मुगल शासक अकबर के बीच हल्दीघाटी का युद्ध शुरू हुआ।
1658: औरंगजेब ने आगरा के किले पर कब्जा कर लिया।
1812: अमेरिका ने ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ युद्ध की घोषणा की। ये युद्ध 3 साल तक चला।
1940: नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के फॉरवर्ड ब्लॉक की स्थापना हुई थी।
1956: भारतीय संसद ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम को पास किया।
1972: लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से ब्रसेल्स जा रही ब्रिटिश यूरोपियन एयरवेज की एक फ्लाइट हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सभी 118 यात्रियों की मौत हो गई।
1978: चीन और पाकिस्तान को जोड़ने वाले 1300 किलोमीटर लंबे काराकोरम हाईवे का काम पूरा हुआ।
1983: अमेरिकी एस्ट्रोनॉट सैली राइड को अंतरिक्ष में भेजा गया। अंतरिक्ष में जाने वाली वे पहली अमेरिकी महिला हैं।
1997: कंबोडिया के खमेर रूज के नेता और 20 लाख से ज़्यादा लोगों का हत्यारा माओवादी पोलपोट ने आत्मसमर्पण किया।
2003: गूगल ने इंटरनेट प्रोग्राम एडसेंस शुरू किया।
2004: चाड के सैनिकों ने 69 सूडानी मिलिशियाई को मार गिराया।
2013: इराक की राजधानी बगदाद में दो आत्मघाती हमलों में 31 लोग मारे गए और 60 घायल हुए।
2013: पाकिस्तान के शेरगढ़ में आत्मघाती हमले में 27 लोगों की मौत।
2017: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी- पाकिस्तान ने भारत को हरा कर ख़िताब जीता।
18 जून को जन्मे व्यक्ति (Born on 18 June)
1817: जंगबहादुर – नेपाल के पहले राणा प्रधानमन्त्री तथा राणा राजवंश के संस्थापक।
1887: अनुग्रह नारायण सिन्हा – भारत के स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक, वकील, राजनीतिज्ञ तथा आधुनिक बिहार के निर्माता।
1899: दादा धर्माधिकारी – प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, लेखक और गाँधीवादी चिंतक।
1922: क्लॉड हेलफ़र – फ्रांसीसी पियानोवादक।
1958: होमी डैडी मोतीवाला – नौकायन में भारत के श्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं।
18 जून को हुए निधन (Died on 18 June)
1974: सेठ गोविन्द दास – स्वतंत्रता सेनानी, सांसद तथा हिन्दी के साहित्यकार थे।
2002: नसीम बानो – हिन्दी फ़िल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री।
2005: मुश्ताक अली – पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टेस्ट बल्लेबाज।
2009: अली अकबर ख़ाँ – प्रसिद्ध भारतीय संगीतकार, शास्त्रीय गायक और सरोद वादक।
2021: मिल्खा सिंह – भारत के ऐसे प्रसिद्ध धावक थे जिन्हें लोग ‘फ्लाइंग सिक्ख’ के नाम से जानते हैं।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |


