19 June in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 19 जून वर्ष का 170वां (लीप वर्ष में यह 171वां) दिन है। साल में अभी 195 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 19 जून का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 19 जून का इतिहास एवं घटनाक्रम।
19 जून की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 19 June in History)
1966: कार्टूनिस्ट बाल ठाकरे ने राजनीतिक पार्टी शिवसेना बनाई, खुद कभी चुनाव नहीं लड़े
19 जून 1966…इस दिन बाला साहेब ठाकरे ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी शिवसेना की नींव रखी। मराठी लोगों के अधिकारों के संघर्ष के लिए इस पार्टी का गठन किया गया।
शिवसेना के गठन से पहले बाल ठाकरे एक अंग्रेजी अखबार में कार्टूनिस्ट थे। उनके पिता ने मराठी बोलने वालों के लिए अलग राज्य की मांग को लेकर आंदोलन किया था। बाला साहेब ने भी बॉम्बे में दूसरे राज्यों के लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ‘मार्मिक’ नाम से अखबार शुरू किया था। अखबार में बाला साहेब भी इस विषय पर खूब लिखते थे।
शिवसेना के गठन के समय बाला साहेब ठाकरे ने नारा दिया था, ‘अंशी टके समाजकरण, वीस टके राजकरण’। अर्थात 80 प्रतिशत समाज और 20 फीसदी राजनीति।
पार्टी के गठन के कुछ साल बाद ही शिवसेना काफी लोकप्रिय हो गई। हालांकि महाराष्ट्र के मूल निवासियों के मुद्दे की वजह से दूसरे राज्यों से व्यापार करने महाराष्ट्र आए लोगों पर काफी हमले भी हुए। धीरे-धीरे पार्टी मराठी मानुष के मुद्दे से हटकर हिन्दुत्व की राजनीति करने लगी।
1990 में शिवसेना ने पहली बार महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव लड़ा, जिसमें 183 में से पार्टी के 52 प्रत्याशियों को जीत मिली। इससे एक साल पहले 1989 में हुए लोकसभा चुनावों में पहली बार शिवसेना का कोई नेता लोकसभा पहुंचा। बॉम्बे नॉर्थ सेंट्रल सीट से जीते विद्याधर संभाजी गोखले शिवसेना के पहले सांसद थे। इस समय लोकसभा में पार्टी के 18 सांसद हैं। बाला साहेब ने खुद कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा। ठाकरे 90 के दशक में महाराष्ट्र की राजनीति में किंगमेकर रहे, लेकिन 2019 में उनका परिवार किंगमेकर से किंग की भूमिका में आ गया। बाला साहेब के बेटे उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने और पोते आदित्य ठाकरे ने विधानसभा चुनाव लड़ा।
1961: ब्रिटेन से आजाद हुआ था कुवैत
18वीं शताब्दी में अरब की एक घुमंतू जनजाति के लोगों ने फिलहाल कुवैत को अपना ठिकाना बनाया। इनमें अल-सबाह परिवार भी था, जो फिलहाल कुवैत का शासक है। 19वीं शताब्दी तक कुवैत पश्चिमी देशों में व्यापार का एक अहम केंद्र बनकर उभरा। इसी दौरान कुवैत की ओटोमॉन साम्राज्य से नजदीकियां बढ़ने लगीं। ब्रिटेन इन दोनों की नजदीकियों से परेशान था। तभी कुवैत के राजा का कत्ल हो गया। ब्रिटेन ने नए राजा के साथ एक संधि की। इसके मुताबिक कुवैत के विदेशी मामलों से जुड़े फैसले लेने का अधिकार ब्रिटेन को मिल गया। बदले में ब्रिटेन ने कुवैत को सैन्य सुरक्षा मुहैया कराई।
साल 1937 में कुवैत में भारी मात्रा में तेल भंडार होने का पता चला और इराक भी कुवैत पर अपना दावा करने लगा। इधर दूसरे विश्वयुद्ध के बाद ब्रिटेन की हालत पहले जैसी नहीं रही। लिहाजा आज ही के दिन साल 1961 में ब्रिटेन ने कुवैत को आजाद कर दिया। 1963 में कुवैत ने संविधान को अपनाया और निर्वाचित संसद की स्थापना की। ऐसा करने वाला वो पहला अरब देश बना।
फिलहाल कुवैत को दुनिया के सबसे अमीर देशों में गिना जाता है। पर कैपिटा इनकम के लिहाज से कुवैत दुनिया का पांचवा सबसे अमीर देश है। कुवैत की करेंसी कुवैती दीनार की वैल्यू 246 भारतीय रुपए है। ये अमेरिकी डॉलर से भी तीन गुना ज्यादा है। दुनियाभर के कुल ऑइल रिजर्व का करीब 6% कुवैत के पास है और यही इस देश की इकोनॉमी की रीढ़ है।
साभार: दैनिक भास्कर
देश-विदेश में 19 जून को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1865: अमेरिका के टेक्सास में सभी अश्वेत गुलामों की आजादी की घोषणा की गई थी, जिसे आज अमेरिका में संघीय अवकाश ‘जूनटीन्थ’ के रूप में मनाया जाता है।
1953: रोजनबर्ग दंपत्ति को फांसी: जासूसी के आरोप में अमेरिका में जूलियस और एथेल रोजनबर्ग को फांसी दी गई। यह अमेरिकी इतिहास में पहली बार था जब आम नागरिकों को जासूसी के लिए मृत्युदंड मिला।
1968: मार्टिन लूथर किंग के नेतृत्व में आर्थिक न्याय के लिए 50,000 लोगों ने प्रदर्शन किया।
1981: ‘ऐपल’ (APPLE) उपग्रह का प्रक्षेपण: भारत ने अपने पहले भू-स्थैतिक प्रायोगिक संचार उपग्रह ‘ऐपल’ का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया, जो भारतीय अंतरिक्ष इतिहास के लिए एक बड़ा मील का पत्थर था।
1991: सोवियत संघ ने हंगरी को अपने कब्जे से आजाद किया था।
2017: अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने काबुल एयरपोर्ट पर पहले अफगानिस्तान-भारत एयर कॉरिडोर का उद्धघाटन किया। इसके जरिए पाकिस्तान के एयर स्पेस का इस्तेमाल किए बिना दोनों देशों के बीच हवाई यातायात किया जा सकता है।
2020: भारत की पहली मोबाइल आई-लैब: तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने भारत की पहली संक्रामक रोग निदान लैब को लॉन्च किया। यह एक चलती-फिरती (Mobile) टेस्टिंग लैब थी, जिसे देश के सुदूर और ग्रामीण इलाकों में कोविड-19 टेस्टिंग की पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया था।
2020: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस ने जिनेवा में एक वर्चुअल ब्रीफिंग में चेतावनी दी कि दुनिया कोरोना महामारी के “एक नए और खतरनाक चरण” में प्रवेश कर चुकी है, क्योंकि एक ही दिन में दुनिया भर में रिकॉर्ड 1.5 लाख से अधिक नए मामले सामने आए थे।
2020: अंटार्कटिका में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा जीवाश्म अंडा मिला: वैज्ञानिकों ने अंटार्कटिका के सेमोर द्वीप (Seymour Island) से खोजे गए एक विशाल जीवाश्म अंडे की पहचान की घोषणा की। यह लगभग 6.6 करोड़ साल पुराना था और दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा ‘सॉफ्ट-शेल्ड’ (नरम खोल वाला) जीवाश्म अंडा था, जिसने प्रागैतिहासिक समुद्री जीवों (जैसे मोसासॉरस) के प्रजनन के तरीकों पर नई वैज्ञानिक बहस शुरू की।
2024: सऊदी अरब के मक्का में हज यात्रा के दौरान भीषण गर्मी और लगभग 51.8°C तक पहुंचे तापमान के कारण 900 से अधिक हज यात्रियों की मौत की पुष्टि की गई, जिनमें बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण वाले यात्री शामिल थे।
19 जून को जन्मे व्यक्ति (Born on 19 June)
1871: माधवराव सप्रे – राष्ट्रभाषा हिन्दी के उन्नायक, प्रखर चिंतक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और सार्वजनिक कार्यों के लिये समर्पित कार्यकर्ता।
1945: आंग सान सू की – म्यांमार (बर्मा) की राजनेता, राजनयिक तथा लेखक। वे बर्मा के राष्ट्रपिता आंग सान की पुत्री हैं जिनकी 1947 में राजनीतिक हत्या कर दी गयी थी। सू की ने बर्मा में लोकतन्त्र की स्थापना के लिए लम्बा संघर्ष किया। कई साल कैद और घर में नजरबंद रहने के बावजूद दुनिया में आजादी का प्रतीक बनकर उभरीं।
1947: सलमान रश्दी – बुकर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध ब्रिटिश-भारतीय उपन्यासकार।
1948: ओकरम इबोबी सिंह – मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री हैं।
1970: राहुल गांधी – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रमुख नेता।
19 जून को हुए निधन (Died on 19 June)
2018: नेरेला वेणु माधव – भारतीय मिमिक्री कलाकार। वह संयुक्त राष्ट्र में अपने उत्साही प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय ख्याति पर पहुंचे। उन्हें 2001 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
1981: सुभाष मुखोपाध्याय – भारत के ‘प्रथम टेस्ट ट्यूब बेबी’ के जनक चिकित्सक व वैज्ञानिक थे।
19 जून के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 19 June)
विश्व एथनिक दिवस
विश्व एथनिक दिवस (World Ethnic Day) विश्व संस्कृति के संरक्षण तथा उसे सुरक्षित रखने के उद्देश्य से इस दिवस को मनाया जाता है। ‘विश्व एथनिक दिवस’ विश्व भर में अलग-अलग क्षेत्रों की ऐतिहासिक विरासत, सभ्यता, मानव जाति विज्ञान, कला और संस्कृति के संरक्षण और उनको सहेजने के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस
विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस (World Sickle Cell Day): सिकल सेल नामक रक्त विकार के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यह दिन मनाया जाता है। सिकल सेल रोग (SCD) के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इसके शीघ्र निदान, उपचार एवं रोकथाम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह दिवस प्रत्येक वर्ष 19 जून को मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने 22 दिसंबर, 2008 को एक प्रस्ताव पारित कर इस दिवस को मान्यता प्रदान की। इस प्रस्ताव में सिकल सेल रोग को एक प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती और विश्व की प्रमुख आनुवंशिक बीमारियों में से एक के रूप में मान्यता दी गई थी।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



