28 July in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार वर्ष का 209वां दिन (लीप वर्ष में 210वां दिन) है। साल में अभी और 156 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 28 जुलाई का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 28 जुलाई का इतिहास एवं घटनाक्रम।
1914: जब एक गोली ने झोंका आधी दुनिया को पहले विश्वयुद्ध की आग में

28 July in History: 2 करोड़ मौतें और 4 साम्राज्यों का अंत, जानिए प्रथम विश्वयुद्ध के आगाज और अंजाम की दास्तान
बात 28 जुलाई 1914 की है। सर्बिया में ऑस्ट्रिया के राजकुमार फ्रांसिस फर्डिनेंड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे बौखलाए ऑस्ट्रिया ने हंगरी के साथ मिलकर सर्बिया के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर दी। छोटा सा सर्बिया मदद के लिए रूस के पास पहुंचा, और रूस ने अपनी सेना मैदान में उतार दी।
फिर शुरू हुआ गुप्त संधियों का खौफनाक चक्र.. रूस के आते ही जर्मनी ने ऑस्ट्रिया का साथ दिया। देखते ही देखते फ्रांस, बेल्जियम, ब्रिटेन, जापान और इटली भी युद्ध की आग में कूद पड़े। पूरी दुनिया दो बड़े खेमों में बंट गई: मित्र देश (ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, जापान, अमेरिका) और धुरी देश (जर्मनी, ऑस्ट्रिया-हंगरी, ऑटोमन साम्राज्य)। उस समय भारत पर अंग्रेजों का राज था, इसलिए लाखों भारतीय जवानों ने भी ब्रिटेन की तरफ से विदेशी सरजमीं पर जंग लड़ी।
1917 तक अमेरिका इस युद्ध से पूरी तरह दूर था। लेकिन जर्मनी की ‘यू-बोट’ पनडुब्बियों ने मित्र देशों के जहाजों को डुबोना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब जर्मनी ने अमेरिकी यात्रियों को ले जा रहे एक नागरिक जहाज पर हमला कर दिया, जिसमें करीब 1000 लोग मारे गए।
इस घटना से भड़के अमेरिका ने 1917 में युद्ध में एंट्री ली। उधर दूसरी तरफ रूस में ‘बोल्शेविक क्रांति’ की वजह से उसने युद्ध से पीछे हटने का फैसला किया। अमेरिका के शामिल होते ही युद्ध का पलड़ा मित्र देशों की तरफ झुक गया।
चार साल तक ज़मीन, आसमान और समंदर में बारूद बरसता रहा। आखिरकार बर्लिन क्रांति के कारण जर्मनी में राजशाही का अंत हुआ और नई सरकार ने 11 नवंबर 1918 को आधिकारिक रूप से आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया। इसके बाद पेरिस शांति सम्मेलन हुआ और वर्साय की संधि पर हस्ताक्षर किए गए।
युद्ध और इसके कारण फैली भुखमरी व बीमारियों (स्पैनिश फ्लू) से 2 करोड़ से अधिक लोग मारे गए और करोड़ों अपाहिज हो गए। रूसी, जर्मन, ऑटोमन (तुर्की) और ऑस्ट्रिया-हंगरी-ये चार विशाल साम्राज्य हमेशा-हमेशा के लिए नक्शे से मिट गए।
28 जुलाई 1914 को शुरू हुई यह त्रासदी दुनिया की आंखें खोलने के लिए काफी थी, लेकिन दुर्भाग्य से इस युद्ध की शर्तों ने ही ठीक 20 साल बाद ‘दूसरे विश्वयुद्ध’ के बीजों को बो दिया था।
चीन में दिखा भूकंप का तांडव: महज 23 सेकेंड में जमींदोज हो गया पूरा शहर, मौत की नींद सो गए 2.42 लाख लोग

27 जुलाई 1976…उत्तरी चीन के 10 लाख की आबादी वाले औद्योगिक शहर तांगशान में पिछले कुछ दिनों से अजीबोगरीब घटनाएं हो रही थीं। कुओं का पानी अचानक ऊपर-नीचे हो रहा था, दिन के उजाले में चूहे घबराकर सड़कों पर भाग रहे थे और मुर्गियों ने दाना चुगना बंद कर दिया था। रात आसमान में अजीब सी रंगीन रोशनी और बिजली की कड़कड़ाहट भी देखी गई। लेकिन इन प्राकृतिक चेतावनियों से बेखबर पूरा शहर गहरी नींद में सोया हुआ था।
28 जुलाई 1976 प्रात: ठीक 3:42 बजे ज़मीन के नीचे अचानक जोरदार हलचल हुई। रिक्टर स्केल पर 7.8 से 8.2 तीव्रता के महाविनाशकारी भूकंप ने पूरे शहर को ताश के पत्तों की तरह हिलाकर रख दिया। महज़ 23 सेकंड तक चले इस तांडव ने तांगशान की 90% इमारतों को पलक झपकते ही मलबे का ढेर बना दिया। नींद में सो रहे लाखों लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 2,42,469 लोग मारे गए, जबकि अनौपचारिक सूत्रों और स्थानीय रिपोर्ट्स का मानना है कि मौतों का आंकड़ा 5 लाख से भी अधिक था।
भूकंप के बाद मंजर बेहद भयावह था। शहर की एक-चौथाई आबादी खत्म हो चुकी थी, 1,60,000 लोग गंभीर रूप से घायल थे, 4,000 से ज्यादा बच्चे अनाथ हो गए थे और 1.6 लाख परिवार बेघर हो चुके थे।
देश-विदेश में 28 जुलाई को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1586: माना जाता है कि इंग्लैंड से लौटने के बाद आज ही के दिन सर थॉमस हेरिओट ने यूरोप को आलू से परिचित करवाया था।
1717: प्रशिया के राजा फ्रेडरिक विल्हेम प्रथम ने अपने राज्यों में 5 से 12 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए प्राथमिक शिक्षा को अनिवार्य कर दिया था। यह आधुनिक जर्मन स्कूल प्रणाली की नींव बना।
1741: कैप्टन बेरिंग ने माउंट सैंट एलियास, अलास्का की खोज की।
1742: प्रशिया और ऑस्ट्रिया ने बर्लिन की शांति संधि पर हस्ताक्षर किया। यह संधि प्रथम सिलेसियन युद्ध को समाप्त करने वाली औपचारिक शांति समझौता थी।
1821: पेरू ने स्पेन से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की।
1851: पहली बार सूर्यग्रहण का फोटो क्लिक किया गया।
1858: भारतीय प्रशासनिक सेवा के सर विलियम जेम्स हर्शेल द्वारा पहचान के लिए पहली बार अंगूठे के निशान का पहली बार प्रयोग।
1866: अमेरिका में पैमाइश के लिए मीट्रिक प्रणाली के इस्तेमाल को कानूनी मान्यता दी गई।
1868: अमेरिकी संविधान में 14वां संशोधन आधिकारिक रूप से लागू, जिसने अमेरिका में पूर्व में दास रहे लोगों (African Americans) सहित सभी व्यक्तियों को नागरिकता और कानूनी रूप से समान संरक्षण की गारंटी दी।
1914: आज ही के दिन प्रथम विश्व युद्ध की शुरुआत हुई थी।
1925: पहली बार विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाया गया।
1928: नीदरलैंड के एम्सटर्डम में नौवें ओलंपिक खेल का शुभारंभ हुआ।
1957: जापान के इशहाया में भारी बारिश की वजह से 992 लोगों की मौत हुई।
1959: ग्रेट ब्रिटेन में डाक कोड का प्रयोग शुरु हुआ।
1964: नासा द्वारा रेंजर 7 अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण किया गया था, जिसने चंद्रमा की सतह की 4,308 स्पष्ट तस्वीरें पृथ्वी पर भेजी थीं। यह पहला अमेरिकी अंतरिक्ष यान था जो चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरा और उसकी तस्वीरें लीं।
1979: चौधरी चरण सिंह भारत के 5वें प्रधानमंत्री बने।
2005: खगोलविदों ने प्लूटो की खोज की घोषणा की। इसे शुरुआती दौर में सौरमंडल का दसवां ग्रह बताया गया था। इस खोज के कारण ग्रहों की परिभाषा पर विवाद छिड़ गया, जिसके बाद वर्ष 2006 में अंतर्राष्ट्रीय खगोल संघ (IAU) ने प्लूटो और एरिस दोनों को ‘बौना ग्रह’ (Dwarf Planet) घोषित कर दिया।
2024: भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्तौल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। वे ओलंपिक इतिहास में निशानेबाजी में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं।
28 जुलाई को जन्मे प्रमुख व्यक्ति
1165: इबने अरबी – अरबी के प्रसिद्ध सूफ़ी कवि, साधक और विचारक।
1858: विलियम जेम्स हर्शेल – ब्रिटिश अधिकारी और मजिस्ट्रेट थे, जिन्हें पहचान के एक सशक्त माध्यम के रूप में फिंगरप्रिंट (उंगलियों के निशान) की खोज और उपयोग का श्रेय दिया जाता है।
1905: मुल्क राज आनंद – प्रख्यात अंग्रेज़ी साहित्यकार, उपन्यासकार और पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित।
1909: कासू ब्रह्मानंद रेड्डी – आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।
1925: बारुक ब्लमर्ग – हेपेटाइटिस का टीका खोजने वाले वैज्ञानिक।
1927: रामेश्वर ठाकुर – उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल।
1957: अनिल जनविजय – हिन्दी के कवि, लेखक और रूसी तथा अंग्रेज़ी भाषाओं के साहित्य अनुवादक।
28 जुलाई को हुए प्रमुख निधन
1750: योहान सेबास्टियन बाख– जर्मन संगीतकार। वे पश्चिमी शास्त्रीय संगीत के महानतम रचनाकारों में गिने जाते हैं।
1934: मोहित मोइत्रा– भारतीय स्वतंत्रता सेनानी। अंडमान की सेल्युलर जेल में ब्रिटिश शासन के दौरान भूख हड़ताल के दौरान जबरन भोजन कराए जाने के कारण उनका निधन हुआ।
1939: तरुण राम फुकन – असम के प्रमुख नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भारतीय स्वतन्त्रता सेनानी।
1972: चारू मजूमदार – ‘भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी’ के नेता, जिन्होंने 1967 में सत्ता के विरुद्ध एक नक्सलवादी आन्दोलन की शुरुआत की थी।
2004: फ्रांसिस क्रिक-ब्रिटिश आणविक जीवविज्ञानी, जिन्होंने जेम्स वॉटसन के साथ मिलकर DNA की डबल हेलिक्स संरचना की खोज की। उन्हें 1962 में नोबेल पुरस्कार मिला।
2016: महाश्वेता देवी – भारत की सामाजिक कार्यकर्ता और लेखिका।
2017: इंद्र कुमार – भारतीय हिन्दी सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता।
28 जुलाई के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस

दुनिया के विभिन्न देशों में प्रत्येक वर्ष 28 जुलाई के दिन को विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस (World Nature Conservation Day) के रूप में मनाया जाता है। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस मनाने का प्रमुख उद्देश्य पृथ्वी के प्राकृतिक वातावरण से विलुप्त होते हुए जीव-जन्तुओं तथा पेड़-पौधों का संरक्षण करना है। प्रदूषण के कारण सारी पृथ्वी दूषित हो रही है और निकट भविष्य में मानव सभ्यता का अंत दिखाई दे रहा है। इस स्थिति को ध्यान में रखकर सन् 1992 में ब्राजील में विश्व के 174 देशों का ‘पृथ्वी सम्मेलन’ आयोजित किया गया। इसके पश्चात सन् 2002 में जोहान्सबर्ग में पृथ्वी सम्मेलन आयोजित कर विश्व के सभी देशों को पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देने के लिए अनेक उपाय सुझाए गये। वस्तुतः पर्यावरण के संरक्षण से ही धरती पर जीवन का संरक्षण हो सकता है।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस

नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक डॉ. बरुच ब्लमबर्ग का जन्म आज ही के दिन हुआ था। उन्होंने ही हेपेटाइटिस-बी वायरस की खोज की थी और उसका टीका विकसित किया था। उन्हीं की याद में हर साल 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस (World Hepatitis Day) डे मनाया जाता है।
हेपेटाइटिस एक ऐसी खतरनाक बीमारी है, जो लिवर को प्रभावित करती है। इस बीमारी की वजह से लिवर में सूजन आ जाती है, जिस वजह से लिवर ठीक तरह से काम नहीं कर पाता है। लिवर भोजन पचाने के साथ-साथ खून में से टॉक्सिन्स को साफ करने का भी काम करता है। ये काम बखूबी नहीं होने पर लिवर कैंसर होने का भी खतरा होता है।
ये बीमारी पांच अलग-अलग वायरस की वजह से होती है। इसी आधार पर हेपेटाइटिस को भी ए, बी, सी, डी और ई कैटेगरी में बांटा गया है। WHO के मुताबिक दुनियाभर के करीब 35 करोड़ लोग इस बीमारी से संक्रमित हैं। भारत में भी करीब 4 करोड़ लोग हेपेटाइटिस बी वायरस का शिकार हैं।
इस बीमारी की गंभीरता को देखते हुए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 2010 से ही हर साल 28 जुलाई को वर्ल्ड हेपेटाइटिस डे मनाया जाता है।
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



