शिमला | हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं के परीक्षा परिणाम के बाद राजधानी शिमला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शिमला के अन्नाडेल इलाके में एक छात्र ने परीक्षा में फेल होने के कारण आत्महत्या कर ली।
पंखे से लटका मिला छात्र का शव
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (4 मई) को जैसे ही शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा परिणाम घोषित किया, अन्नाडेल के ठाकुर बाग में रहने वाला निखिलेष गहरे मानसिक तनाव में आ गया। परिणाम में असफल होने का दुख वह सहन नहीं कर सका और उसने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार मामले की सूचना हेल्पलाइन 112 के जरिए मृतक के दोस्त ने दी। शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जो आत्महत्या की ओर इशारा करते हैं।
परिजनों में मचा कोहराम
परिजनों ने किसी भी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है, हालांकि घर में चीख-पुकार का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हिमाचल न्यूज की अपील: परीक्षा में असफलता जीवन का अंत नहीं है। यदि आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो कृपया मनोचिकित्सक या हेल्पलाइन नंबरों की मदद लें। जीवन अनमोल है।
Posted By: Himachal News
Himachal News की खबरों के वीडियो देखने के लिए और News Updates के लिए हमारे Facebook पेज Himachal News को Like करें व हमारे YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

