शिमला | हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल राज्य बनाने की दिशा में प्रदेश पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग ने अपनी चर्चित ‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल का दायरा बढ़ा दिया है। शिमला के मॉल रोड पर मिली भारी सफलता के बाद अब इस विशेष पुलिसिंग मॉडल को मनाली, सोलन और मैक्लोडगंज जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी लागू कर दिया गया है।
सेवा और सुरक्षा का नया चेहरा
हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर पुलिस की दृश्यता (विजिबिलिटी) बढ़ाना, जन सुरक्षा सुनिश्चित करना और पर्यटकों को तत्काल सहायता प्रदान करना है। अब यह मॉडल प्रदेश में आधुनिक और नागरिक-हितैषी पुलिसिंग का एक प्रभावी उदाहरण बनकर उभरा है।

यह है इस पहल की मुख्य विशेषताएं
तैनात पुलिसकर्मी विशिष्ट औपचारिक वर्दी में नजर आएंगे, जिससे उन्हें भीड़ में आसानी से पहचाना जा सकेगा। पुलिसकर्मी न केवल सुरक्षा करेंगे, बल्कि पर्यटकों का मार्गदर्शन करने और वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए भी तत्पर रहेंगे। आपातकालीन स्थितियों में ये कर्मी ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से अनुशासित, विनम्र और सहायक व्यवहार के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
पुलिस की छवि में आया सकारात्मक बदलाव
इस पहल से हिमाचल पुलिस की छवि ‘जन-केंद्रित’ और ‘सकारात्मक’ बनी है। पुलिसकर्मियों के अनुशासित और मददगार व्यवहार की सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक सराहना हो रही है। इससे न केवल पर्यटकों का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि राज्य में सुरक्षित पर्यटन (Safe Tourism) के संदेश को भी मजबूती मिली है।
जनता और पर्यटकों से मिला सकारात्मक फीडबैक
मॉल रोड शिमला में इस प्रयोग को स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से काफी सराहना मिली है। लोगों के उत्साहजनक फीडबैक को देखते हुए ही सरकार ने इसे अन्य जिलों में विस्तारित करने का निर्णय लिया है। इससे न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा, बल्कि राज्य की छवि एक ‘सुरक्षित पर्यटन स्थल’ के रूप में और मजबूत होगी।

भविष्य की योजना
पुलिस विभाग इस पहल को और बेहतर बनाने के लिए लगातार नियमित निगरानी और आधुनिक प्रशिक्षण पर जोर दे रहा है। विभाग का मानना है कि इस मॉडल से उत्तरदायी शासन और सेवा-उन्मुख पुलिस व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, जिससे हिमाचल आने वाला हर आगंतुक सुरक्षा और सुविधा का अनुभव लेकर लौटेगा।
Posted By: Himachal News
Himachal News की खबरों के वीडियो देखने के लिए और News Updates के लिए हमारे Facebook पेज Himachal News को Like करें व हमारे YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

