ठियोग के सोवल में तेज धमाके के साथ खाई में समाई गाड़ी; पुलिस ने शुरू की जांच
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर शाम ठियोग उपमंडल में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तेज धमाके से सहम गए ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा ठियोग के देवठी रोड पर सोवल के समीप पेश आया। मृतक की पहचान राकेश (पुत्र राम दत्त), निवासी गांव चरैल, ठियोग के तौर पर हुई है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार गिरने की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
छैला निवासी दलीप शर्मा ने बताया कि शाम करीब सात बजे उन्हें घर के ऊपर से किसी भारी चीज के गिरने की जोरदार आवाज आई। जब वे ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां का मंजर खौफनाक था। सड़क से काफी नीचे कार (HP09B-3418) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
पुलिस पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। छैला पुलिस चौकी की टीम सूचना मिलते ही रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन अफसोस कि तब तक राकेश दम तोड़ चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया।
जांच में जुटी ठियोग पुलिस
पुलिस ने इस मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। छैला पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई कमलेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

