हिमाचल प्रदेश खूबसूरत नजारों से भरपूर है। बर्फीली पहाड़ों के साथ-साथ घने जंगल यात्रियों को खूब लुभाते हैं। आज एक ऐसे पर्यटन स्थल के बारे में बात करेंगे, जिसे देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से यात्री आते हैं। इस पर्यटन स्थल का नाम भारत के खूबसूरत इलाकों में गिना जाता है। हम बात कर रहे हैं जंजैहली घाटी की।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की जंजैहली घाटी पहाड़ों की सुरम्य गोद में बसा एक ऐसा पड़ाव है, जहां आप किसी दौड़ते-भागते शहर से पहुंचते हैं, तो यहां की साफ-सुथरी प्राकृतिक सुंदरता, कल-कल करती बाखली खड्ड (नदी) आपके मन को मोहित करते हुए आनंद भरे सुकून से भर देती है।
जंजैहली घाटी के किसी कोने से जब भी हम पहाड़ी पर नजर डालते हैं तो यह हमें ऐसा आभास कराती है जैसे हम उसके पास खड़े हैं। यदि हम सुबह के समय इस पर नजर डालें तो सूर्य की सुनहरी किरणों की आभा में यह नई-नवेली दुल्हन सी दिखती है। यहां के बदलते मोहक दृश्य मन को असीम शांति देते हैं।
कहते हैं पहाड़ी यात्रा बहुत खूबसूरत होती है। यहां का जंगल घनघोर है। कभी-कभी मृग, घोरल और अन्य वन्य प्राणियों के दर्शन हो जाते हैं। इस जंगल में अनेक प्रकार की चिड़ियां भी देखी जाती हैं, जो यात्रियों का मधुर गीत से स्वागत करती हैं। माटी की महकती सौंध, हरियाली की चकाचौंध, सांस्कृतिक पहाड़ी परिवेश का सुबोध, मंदिरों का सौंदर्य, पहाड़ी स्वाभिमान, सब कुछ यहां आने वालों मेहमानों को मिलता है।
जंजैहली में क्या है खास
जंजैहली लगभग 7,217 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। आप यहां ट्रैकिंग, कैंपिंग और हाइकिंग जैसे एडवेंचरस एक्टिविटीज़ का आनंद भी उठा सकते हैं। दरअसल ये गांव ऊंची-ऊंची पहाड़ियों से घिरा हुआ है, ऐसे में इसे ट्रैकिंग के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। अगर आपको रोमांचक ट्रैकिंग करना पसंद है, तो इस जगह को आप एक बार जरूर जाएं।
कामरूप महादेव मंदिर
एक छतरी के आकार के विशाल पेड़ से कामरूप महादेव मंदिर का निर्माण होने से लोग इस क्षेत्र को छतरी (गांव छतरी) कहने लगे। छतरी के प्राकृतिक सौंदर्य में रचे-बसे वृक्ष वन की शोभा देने वाले बुरांश फूल और खुबानी की लोकप्रियता यहां अमर है। पुजारी इस कलात्मक कामरूप महादेव मंदिर के बारे में बताते हैं कि एक समय व्यापारियों का एक दल मंडी व्यापार के सिलसिले में आ रहा था कि अचानक सभी दृष्टिहीन हो गए। जब उनके मुखिया ने एक जानकार से इस विपदा का कारण जानना चाहा तो उसने देवता का कुपित होना बताया और कहा कि आप लोग यहां महादेव भगवान का मंदिर निर्माण का वचन दीजिए, सब कुछ यथावत ठीक हो जाएगा। मुखिया के वचन देने पर सभी की दृष्टि वापस आ गई। दल के सदस्यों ने तब तक एक विशाल भू-भाग का चयन किया और अपने धन से कामरूप महादेव मंदिर का निर्माण किया। इस कलात्मक मंदिर की खासियत है कि मंदिर के भीतरी भाग की छत पर महाभारत रामायण के काष्ठ में सुंदर चित्र उकेरे गए हैं।
शिकारी देवी मंदिर
शिकारी देवी मंदिर जंजैहली से लगभग 18 किलोमीटर दूर है और वन का क्षेत्र सड़क से जुड़ा हुआ है। यह 3359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। शिकारी शिखर के रास्ते पर घने जंगलों अद्भुत हैं। मंडी जिले का सर्वोच्च शिखर होने के नाते इसे मंडी का क्राउन भी कहा जाता है। विशाल हरे चरागाह, मनोरंजक सूर्योदय और सूर्यास्त, बर्फ सीमाओं के मनोरम दृश्य इस जगह को प्रकृति प्रेमियों के लिए पसंदीदा बनाते हैं। सर्दियों के दौरान इस जगह बहुत बर्फ होती है। पैदल पथ से करसोग से संपर्क किया जा सकता है जो शिकारी देवी से सिर्फ 21 किमी दूर है। शिकारी शिखर पर, शिकारियों की देवी शिकारी देवी का एक छत रहित मंदिर है और यह मंदिर पांडवों द्वारा स्थापित किया गया है। ऐसा कहा जाता है कि ऋषि मार्कंडे ने भी इस जगह पर कई सालों तक ध्यान किया। यह देखा गया है कि इस तथ्य के बावजूद कि मंदिर की कोई छत नहीं है, मंदिर परिसर में सर्दियों के दौरान कोई बर्फ नहीं देखा जाता है जब इस मंदिर के आसपास का पूरा क्षेत्र बर्फ से कई फीट तक ढंका होता है। आगंतुक शिकारी से विभिन्न ट्रेक मार्गों के माध्यम से चिंडी, करसोग, जंजैहली यात्रा कर सकते हैं।
पांडव शिला
जंजैहली के समीप ‘पांडव शिला’ को देखने के लिए प्रदेश के अलावा देश विदेश से यहां पहुंचते है। स्थानीय निवासियों का विश्वास है कि यह विशाल शिला पांडव पुत्र भीम ने स्थापित की थी। अब यह पांडव शिला लोगों के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। जिस तरह से यह विशालकाय चट्टान एक छोटी चट्टान पर टिकी हुई है वह लोगों के लिए अजूबा है। जिसे कोई भी व्यक्ति अपनी एक उंगली से हिला तो सकता है लेकिन इसे अपने मूल स्थान से हटा या पलट नहीं सकता।
जंजैहली जाने का सही समय
वैसे तो जंजैहली में यात्री अक्सर आते-जाते रहते हैं। पहाड़ी इलाका होने की वजह से जंजैहली में साल भर ठंड और उसके अनुकूल जलवायु रहती है। यही वजह है कि यात्री यहां कभी भी आ सकते हैं, लेकिन आप प्राकृतिक खूबसूरती और बर्फीली वादियों को देखना चाहते हैं तो जंजैहली गांव आने का सबसे अच्छा समय अक्तुबर से मार्च है।
कैसे पहुंचे
जंजैहली पहुंचने के लिए आप बस, ट्रेन, हवाई जहाज तीनों साधन ले सकते हैं। निकटतम हवाई अड्डा कुल्लू जिले के भुंतर में स्थित, जो लगभग 118 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बाद आपको बस सेवा या फिर अपने वाहन व टैक्सी से भी यहां पहुंच सकते हैं। अगर आप ट्रेन से आ रहें हैं तो निकटतम रेलवे स्टेशन शिमला है, जो जंजैहली से लगभग 140 किलोमीटर दूर पर स्थित है। जंजैहली के लिए सीधी टैक्सी या फिर बस दोनों मिल जाएंगे। इसके अलावा सीधी बस से भी जंजैहली आसानी से आया जा सकता है।
प्रस्तुति: सोमसी देष्टा
Posted By: Himachal News