23 June in History: ग्रेगोरी कैलंडर के अनुसार 23 जून वर्ष का 174वां (लीप वर्ष में यह 175वां) दिन है। साल में अभी 191 दिन शेष हैं। भारत और विश्व इतिहास में 23 जून का खास महत्व है, क्योंकि इस दिन कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज होकर रह गईं हैं।
आज का इतिहास में जानिए आज के दिन जन्मे चर्चित व्यक्ति, प्रसिद्ध व्यक्तियों के निधन, युद्ध संधि, किसी देश की आजादी, नई तकनिकी का अविष्कार, सत्ता का बदलना, महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दिवस के बारे में। आईए हिमाचल न्यूज़ में पढ़ें भारत और विश्व इतिहास के पन्नों में दर्ज 23 जून का इतिहास एवं घटनाक्रम।
23 जून की प्रमुख घटनाएं (What Happened on 23 June in History)
1985: एअर इंडिया की फ्लाइट में रखे बम ने ली 329 लोगों की जान, बब्बर खालसा के जिस आतंकी के बैग में बम था उसका आज तक पता नहीं चला
23 जून 1985…टोरंटो का पियरसन इंटरनेशनल एयरपोर्ट…यहां से एअर इंडिया के विमान ‘कनिष्क’ ने उड़ान भरी। ये विमान टोरंटो से मुंबई आ रहा था और रास्ते में मॉन्ट्रियल, लंदन और दिल्ली में इसे रुकना था। विमान अगले दिन अपने पहले स्टॉप मॉन्ट्रियल में रुका और यहां से लंदन के लिए उड़ान भरी। विमान यूरोप की सीमा में दाखिल हुआ और अगले 45 मिनट में लंदन पहुंचने वाला था, लेकिन इससे पहले ही अटलांटिक सागर के ऊपर उसमें जोरदार धमाका हुआ और जलता हुआ विमान सागर में गिर गया। विमान में सवार सभी 329 लोगों की मौत हो गई।
हादसे में मारे गए कुल 329 लोगों में से 268 कनाडा, 27 इंग्लैंड, 10 अमेरिका और 2 भारत के नागरिक थे। जहाज के क्रू में शामिल सभी 22 भारतीय भी मारे गए। केवल 132 लोगों के शव ही समुद्र से निकाले जा सके।
भारत और कनाडा ने हादसे की जांच शुरू की जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि विमान में विस्फोटकों से भरा एक बैग रखा था, जिसमें धमाका होने की वजह से विमान हादसे का शिकार हुआ। एजेंसियों ने इस हमले के पीछे उग्रवादी सिख संगठन बब्बर खालसा को जिम्मेदार ठहराया। जांच में ये भी पता चला कि विमान में कोई एम सिंह नामक यात्री को सवार होना था, लेकिन वो सवार नहीं हुआ। केवल उसका सामान ही विमान में लोड किया गया। उसी सामान में विस्फोटक था। एजेंसियों को आज तक नहीं पता कि ये एम सिंह कौन था।
पांच महीने बाद दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। एक था तलविंदर सिंह परमार और दूसरा इंदरजीत सिंह रेयात। हालांकि तलविंदर पर आरोप सिद्ध नहीं हो सके और वो रिहा हो गया। इंदरजीत सिंह रेयात को साल 2003 में 5 साल की सजा सुनाई गई। उसको बम बनाने से लेकर उसकी टेस्टिंग और हत्या जैसे कई आरोपों में दोषी पाया गया।
आतंकवादियों का प्लान एअर इंडिया के एक और विमान में विस्फोट करने का था, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। आतंकवादियों ने इसी तरह का एक बम वैंकुवर से बैंकॉक जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट 301 को निशाना बनाने के लिए रखा था। ये बम वैंकुवर से टोक्यो के एयरपोर्ट पर पहुंचा और एक विमान से दूसरे विमान में सामान ट्रांसफर करते वक्त ही फट गया। इस हादसे में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी मारे गए। रेयात को इस मामले में भी 10 साल की सजा सुनाई गई।
कहा जाता है कि ये दोनों हमले ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला लेने के लिए किए गए थे। 1984 में भारतीय सेना ने अमृतसर के सिख मंदिर में खालिस्तान समर्थक जरनैल सिंह भिंडरावाले को मार गिराया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के आदेश के बाद ये ऑपरेशन शुरू हुआ था जिसमें कई लोग मारे गए थे। इस ऑपरेशन ने सिखों में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ गुस्सा भर दिया था और उसी साल उनके दो सिख बॉडीगार्ड ने उनकी हत्या कर दी थी।
1980: विमान हादसे में संजय गांधी की मौत
इंदिरा गांधी के दो बेटे थे – संजय और राजीव। राजीव को राजनीति में कोई खासी दिलचस्पी नहीं थी, इसीलिए वे राजनीति से जुड़े ज्यादातर फैसलों में कम ही शामिल होते थे। इसके उलट संजय गांधी हर मसले पर अपनी मां के साथ चर्चा किया करते थे। कहा जाता है कि अगर संजय गांधी जिंदा होते तो अपनी मां इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरासत उन्हीं को मिलती।
संजय एक मंझे हुए पायलट थे और उन्हें विमान उड़ाने का बेहद शौक था। कहा जाता है कि संजय गांधी विमान को भी कार की तरह चलाते थे। अपने इस शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने एक खास विमान पिट्स S2A भारत मंगवाया था। ये विमान हवा में कलाबाजियां दिखाने के लिए मशहूर था। संजय ने इस विमान में पहली बार 21 जून को दिल्ली के सफदरजंग हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। अगले ही दिन संजय ने इंदिरा गांधी और मेनका गांधी को भी इस विमान भी बैठाकर आसमान की सैर कराई।
23 जून 1980 के दिन संजय दिल्ली फ्लाइंग क्लब के पूर्व इंस्ट्र्क्टर सुभाष सक्सेना के साथ विमान उड़ाने पहुंचे। सुबह 7 बजकर 58 मिनट पर विमान ने टेकऑफ किया। दोनों हवा में कलाबाजियां दिखा रहे थे, तभी विमान के इंजन ने काम करना बंद कर दिया।
विमान तेजी से नीचे गिरने लगा और कुछ ही सेकेंड में जमीन से टकराकर चकनाचूर हो गया। विमान से थोड़ी दूर खून से लथपथ संजय गांधी पड़े थे और सुभाष सक्सेना के दोनों पैर विमान के मलबे में दब गए थे। फौरन एयरपोर्ट से फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस आई।
पीछे-पीछे इंदिरा गांधी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। इंदिरा गांधी खुद एंबुलेंस में सवार होकर साथ ही अस्पताल पहुंचीं। डॉक्टरों ने सुभाष सक्सेना और संजय गांधी दोनों को मृत घोषित कर दिया।
930: दुनिया की पहली संसद की स्थापना
आज ही के दिन साल 930 में आइसलैंड में दुनिया की पहली संसद को शुरू किया गया था। इसे आल्थिंग कहा जाता है। ये संसद आज भी काम करती है और इसे दुनिया की सबसे पुरानी संसद माना जाता है।
उस समय आइसलैंड के छोटे-छोटे वंशों के लोग इस जगह पर आकर चर्चा करते थे। धीरे-धीरे यहां लोगों की संख्या बढ़ने लगी और एक लॉ काउंसिल का गठन किया गया। ये काउंसिल नए कानून बनाती, विवादों का निपटारा करती और लोगों को न्याय दिया करती थी।
हर साल जून में एक असेंबली सेशन भी आयोजित किया जाता था, जो 2 हफ्ते तक चलता था। इस सेशन में सभी लोग शामिल हो सकते थे। हर फैसला बहुमत के आधार पर लिया जाता था। एक बड़े से पत्थर पर बैठकर, जिसे ‘रॉक ऑफ लॉ’ कहा जाता था, एक आदमी नई योजनाओं और फैसलों को आम लोगों को सुनाता था।
इस दौरान आइसलैंड पर नॉर्वे और डेनमार्क का कब्जा भी हुआ और आल्थिंग में कई बदलाव भी हुए। साल 1800 में डेनमार्क के राजा ने इसे बंद कर दिया और इसकी जगह एक हाईकोर्ट की स्थापना की गई, लेकिन 1843 में इसे दोबारा शुरू किया गया।
1844 में संसद के लिए पहले चुनाव हुए। उस समय वोट देने का अधिकार 25 साल से ज्यादा उम्र के पुरुषों को ही था, लेकिन साल 1915 में महिलाओं को भी वोट देने का अधिकार दिया गया। फिलहाल इसी संसद से आइसलैंड का सारा कामकाज चलता है।
साभार: दैनिक भास्कर
1757: प्लासी का युद्ध और भारत की गुलामी की शुरुआत
यह भारत के इतिहास की सबसे निर्णायक घटनाओं में से एक है। 23 जून 1757 को बंगाल के नदिया जिले में भागीरथी नदी के किनारे ‘प्लासी’ नामक जगह पर यह युद्ध हुआ था। रॉबर्ट क्लाइव के नेतृत्व में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना ने बंगाल के नवाब सिराज-उद-दौला को हरा दिया। ईस्ट इंडिया कंपनी के पास केवल 3,000 के करीब सैनिक थे, जबकि नवाब के पास 50,000 से ज्यादा की सेना थी। कंपनी यह युद्ध केवल मीर जाफ़र की गद्दारी और राजनैतिक साजिश की वजह से जीती थी। इसी घटना ने भारत में ब्रिटिश साम्राज्य की नींव रखी।
2014: हिमाचल का ‘ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क’ विश्व धरोहर सूची हुआ शामिल
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क को आज ही के दिन विश्व धरोहर करर सूची में शामिल किया था। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले में स्थापित यह पार्क 1,171 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में लगभग 754.4 वर्ग किलोमीटर पर फैला है। शेष क्षेत्र ईको जोन में आता है। 23 जून, 2014 को यूनाइटेड नेशन एजुकेशनल साइंटिफिक एंड कल्चरल आर्गेनाइजेशन (यूनेस्को) ने दोहा में आयोजित 38वें सत्र में नेशनल पार्क को यह दर्जा दिया।
15 से 25 जून को कतर के दोहा में यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शिक्षण वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संघ) टीम की बैठक में विश्व के 32 प्रस्तावों पर मंथन हुआ है। कालका-शिमला रेलवे लाइन के बाद यह दूसरी धरोहर बन गई है, जिसे यह दर्जा मिला है। वर्ष 2012 के मार्च में यूनेस्को ने ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क को इसके लिए नामांकित किया था। इसके बाद संबंधित टीम ने डॉ. बॉरबाय के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश दौरे के लिए पहुंची और कई मामलों में नए सिरे से रिपोर्ट सौंपने को कहा। 22 नवंबर 2013 को मांगे गए हर पहलू पर राज्य सरकार ने इसे विश्व धरोहर घोषित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया। दोहा में हुई बैठक में इसके लिए वन विभाग के प्रधान मुख्य अरण्यपाल आरके गुप्ता ने प्रस्तुति दी।
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क 90,540 हेक्टेयर में फैला है। पार्क का 754.4 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र कोर जोन, 265.6 वर्ग किलोमीटर ईको जोन में व 61 वर्ग किलोमीटर तीर्थन वाइल्ड लाइफ सेंक्चुअरी व 90 किलोमीटर वर्ग का क्षेत्र सैंज सेंक्चुअरी में आता है। पार्क 1,171 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।
पार्क में पर्वत श्रृंखला रखुंडी टॉप, घुमतराओ, तीर्थन, पातल, मुझोणी, खोलीपोई, चादनीथाच आती हैं।
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में विभिन्न प्रजाति के वन्य प्राणी काला भालू, भूरा भालू, कस्तूरी मृग, बर्फीला तेंदुआ, घोरल के अतिरिक्त मुर्ग प्रजाति के अति दुर्लभ पक्षी जाजुराना व मोनाल, कोकलास सहित पशु-पक्षियों की कुल तीन सौ प्रजातियां पाई जाती हैं। तेंदुओं की भी यहां भरमार है।
विभिन्न प्रजातियों के औषधीय पौधों की सुगंध यहां आने वालों को अपनी ओर आकर्षित करती है। नौ तरह के मेंढक की भांति पानी और जमीन पर रहने वाले एम्फीबियंस का घरौंदा है।
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में सांप की 12 और पक्षियों की तीन ऐसी प्रजातियां भी यहां पर हैं जो विश्व में खत्म होने के कगार पर हैं। इन्हें रेड डाटा बुक में विलुप्त प्राय: प्रजाति में घोषित किया जा चुका है।
30 से अधिक स्तनधारियों की प्रजातियां।
300 से अधिक पक्षियों की प्रजातियों का घर।
सैकड़ों दुर्लभ पशुओं का बसेरा।
पश्चिमी ट्रैगोपैन के लिए सर्वश्रेष्ठ स्थल।
भूरे भालू, औबेक्स, काले भालू, कस्तूरी मृग, हिम तेंदुए व हिमालयन थार की दुर्लभ प्रजातियां।
चंदवा वन, ओक जंगल, अल्पाइन झाड़ियां, उप अल्पाइन समुदायों और अल्पाइन घास।
बैरबैरिस, इंडिगोफेरा, सारकोकोआ और वाईबर्नम क्षेत्र में देखी जाने वाली वनस्पति
दुर्लभ प्रजाति के सुगंधित और औषधीय गुणों से भरपूर पौधे।
साभार: bharatdiscovery.org
देश-विदेश में 23 जून को इन घटनाओं के लिए भी याद किया जाता है
1894: इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी की स्थापना– फ्रांस के पेरिस (सोरबोन) में पीएरे डी कूबर्टिन (Pierre de Coubertin) के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की स्थापना की गई थी। इसी के बाद 1896 में एथेंस में पहले आधुनिक ओलंपिक खेलों का आयोजन हुआ। इसीलिए हर साल 23 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस’ मनाया जाता है।
1868: टाइपराइटर का पेटेंट- अमेरिकी आविष्कारक क्रिस्टोफर लैथम शोल्स (Christopher Latham Sholes) को टाइपराइटर के लिए पेटेंट मिला था। खास बात यह है कि आज हमारे कीबोर्ड में जो QWERTY लेआउट इस्तेमाल होता है, उसकी शुरुआत इसी आविष्कार से हुई थी।
1888: फ्रेडरिक डगलस अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकित होने वाले पहले अफ्रिकी-अमेरिकी बने।
1961: आर्कटिक संधि लागू की गई। इस संधि के मुताबिक आर्कटिक महाद्वीप का उपयोग केवल वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए ही किया जा सकता है।
2014: गुजरात का ‘रानी की वाव’ और हिमाचल का ‘ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क’ विश्व धरोहर सूची शामिल हुआ।
2016: ब्रेक्सिट’ जनमत संग्रह- ब्रिटेन के लोगों ने यूरोपियन यूनियन छोड़ने के फैसले को लेकर एक जनमत संग्रह पर वोटिंग की। वोटिंग में 51.9% लोगों ने ब्रिटेन के यूरोपियन यूनियन छोड़ने के पक्ष में वोट किया, वहीं 48.1% लोगों ने विपक्ष में। इस ऐतिहासिक घटना को ‘ब्रेक्सिट’ (Brexit) के नाम से जाना जाता है।
2021: भारत में कोरोना मामलों का आंकड़ा 3 करोड़ के पार- कोविड-19 महामारी की एक बेहद दुखद और बड़ी सीमा को पार किया था। स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस दिन भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3 करोड़ (30 Million) को पार कर गई थी। अमेरिका के बाद भारत दुनिया का दूसरा ऐसा देश बना था जहां संक्रमण के मामलों ने इस आंकड़े को छुआ। हालांकि, जून के अंत तक दूसरी लहर (Delta Wave) का प्रकोप धीरे-धीरे कम होने लगा था।
2024: रूस के दागेस्तान में भीषण आतंकवादी हमला- रूस के दागेस्तान (Dagestan) प्रांत के दो शहरों (डेरबेंट और मखाचकाला) में बंदूकधारियों ने दो चर्चों, दो यहूदी प्रार्थनास्थलों और एक पुलिस चौकी पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस आतंकी हमले में 17 पुलिस अधिकारियों और एक पादरी (निकोलय कोटेलनिकोव) सहित 5 नागरिकों की मौत हुई। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में 5 हमलावरों को ढेर किया। इस हमले के दौरान डेरबेंट का ऐतिहासिक ‘केले-नुमाज़’ सिनैगॉग आग की वजह से पूरी तरह नष्ट हो गया था।
2024: क्रीमिया (सेवास्तोपोल) पर मिसाइल हमला– यूक्रेन की सेना ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया के सेवास्तोपोल शहर पर अमेरिकी एटीएसीएमएस (ATACMS) मिसाइलों से बड़ा हमला किया। रूसी वायु रक्षा प्रणाली द्वारा हवा में नष्ट की गई एक मिसाइल के टुकड़े सीधे नीचे एक बीच (समुद्र तट) पर जा गिरे, जहां लोग छुट्टियां मना रहे थे। इस हादसे में 2 बच्चों सहित 5 नागरिकों की मौत हो गई और 150 से अधिक लोग घायल हुए। इस घटना के बाद रूस ने सीधे तौर पर अमेरिका को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया था।
2024: साल 2024 की हज यात्रा के दौरान भीषण गर्मी और हीटवेव (तापमान 50°C पार) के कारण हुई मौतों पर सऊदी अरब सरकार ने पुष्टि की कि इस साल हज के दौरान 1,301 तीर्थयात्रियों की मृत्यु हुई, जिनमें से 83% से अधिक वे लोग थे जो बिना आधिकारिक परमिट या वीजा के भीषण गर्मी में पैदल यात्रा कर रहे थे।
23 जून को जन्मे व्यक्ति (Born on 23 June)
1901: राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी – भारत के अमर शहीद प्रसिद्ध क्रांतिकारी।
1912: एलेन ट्यूरिंग– आधुनिक कंप्यूटर के जनक। महान अंग्रेज गणितज्ञ और कंप्यूटर वैज्ञानिक एलेन ट्यूरिंग (Alan Turing) ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी के ‘एनिग्मा’ कोड को क्रैक करके मित्र राष्ट्रों को जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्हें ‘आधुनिक कंप्यूटर विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का पिता’ माना जाता है।
1934: वीरभद्र सिंह – हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री।
1937: चंडी प्रसाद भट्ट– पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दुनिया भर में मशहूर और ‘चिपको आंदोलन’ के प्रणेताओं में से एक चंडी प्रसाद भट्ट का जन्म उत्तराखंड (तत्कालीन उत्तर प्रदेश) में हुआ था। उन्हें समाज सेवा और पर्यावरण रक्षा के लिए 1982 में रेमन मैगसेसे पुरस्कार और बाद में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।
23 जून को हुए निधन (Died on 23 June)
1761: बालाजी बाजीराव – महान् मराठा पेशवा।
1953: श्यामा प्रसाद मुखर्जी – भारतीय जनसंघ (जो बाद में भारतीय जनता पार्टी बना) के संस्थापक। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का निधन श्रीनगर में नजरबंदी (detention) के दौरान हुआ था। वे जम्मू-कश्मीर में अलग संविधान, अलग झंडे और ‘परमिट व्यवस्था’ के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे।
1980: संजय गांधी – भारतीय नेता एवं इंदिरा गांधी के पुत्र की एक विमान दुर्घटना में मौत।
1995: डॉ . जोनास साल्की – अमेरिकी चिकित्सा शोधकर्ता और विषाणुशास्त्री थे, जिन्हें पोलियो के पहले सुरक्षित और प्रभावी टीके के विकास के लिए जाना जाता है।
2021: जॉन मैकेफी– मशहूर ‘मैकेफी एंटी-वायरस’ (McAfee Anti-virus) सॉफ्टवेयर के संस्थापक। जॉन मैकेफी स्पेन की बार्सिलोना जेल की कोठरी में मृत पाए गए थे। स्पेन की अदालत ने उसी दिन उन्हें टैक्स चोरी के मामले में अमेरिका प्रत्यर्पित (extradite) करने की मंजूरी दी थी। शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम के बाद अधिकारियों ने इसे आत्महत्या करार दिया था।
23 जून के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव (Important events and festivities of 23 June)
अन्तरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ का स्थापना दिवस (अन्तरराष्ट्रीय दिवस)
संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस (अन्तरराष्ट्रीय दिवस)
अन्तरराष्ट्रीय विधवा दिवस (अन्तरराष्ट्रीय दिवस)
प्रस्तुति
हिमाचल न्यूज़ रिसर्च डेस्क
बाहरी कड़ियां
विकिपीडिया
bharatdiscovery.org
Posted By: Himachal News
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।
| जनवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| फरवरी | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 |
| मार्च | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अप्रैल | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| मई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| जून | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| जुलाई | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| अगस्त | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| सितंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| अक्टूबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |
| नवंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 |
| दिसंबर | 1 2 3 4 5 6 7 8 9 10 11 12 13 14 15 16 17 18 19 20 21 22 23 24 25 26 27 28 29 30 31 |



