Himachal News: Chamba में एक दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है। मामूली बहस के बाद एक युवक ने दूसरे युवक के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को ढांक में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश भी की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क किनारे मिला युवक का शव
घटना चंबा विधानसभा क्षेत्र के लुडेरा-सुंगल मार्ग से जुड़े कलौता संपर्क मार्ग की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण सैर के लिए निकले तो उन्होंने सड़क किनारे खून के निशान और ढांक में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान अजय कुमार निवासी सलोडी (झल), तहसील एवं जिला चंबा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। नूरपुर से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
देर रात हुई थी शराब पार्टी
प्रारंभिक जांच के अनुसार गुरुवार रात अजय कुमार अपने दो साथियों पंकज कुमार और अरुण कुमार के साथ पलूंही क्षेत्र की एक दुकान पर पहुंचा था। वहां से तीनों ने खाने-पीने का सामान खरीदा और साथ बैठकर पार्टी की।
कुछ समय बाद पंकज अपनी बाइक पर घर लौट गया, जबकि अजय और अरुण पैदल घर की ओर निकल गए। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर अरुण कुमार ने अजय के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को ढांक में फेंककर छिपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने शव को सड़क से नीचे ढांक में फेंक दिया ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूतों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच बना ली।
पुलिस ने 8 घंटे में सुलझाया मामला
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और नशे की हालत में हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।

